हरियाणा गैंग के दो ठग गिरफ्तार:एटीएम बूथ पर वारदात करते पकड़े गए,9 राज्यों में 100 से ज्यादा वारदात की
सीकर, @dainikkhabraan । सीकर की उद्योग नगर थाना पुलिस ने हरियाणा के दो ठगों को गिरफ्तार किया है। दोनों ने एटीएम कार्ड बदलकर 100 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दिया है। ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे,जिन्हें एटीएम से रुपए निकालने नहीं आते थे। आरोपियों को पकड़कर 18 हजार रुपए बरामद किए गए।
उद्योग नगर थानाधिकारी पवन कुमार चौबे ने बताया कि बिट्टू सांसी (24) निवासी हिसार,हरियाणा और वीरेंद्र सांसी (32) निवासी हिसार,हरियाणा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों वापस वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सोमवार देर शाम पिपराली रोड पर पीसीपी कोचिंग के सामने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर आए थे। दबिश देकर बदमाशों को पकड़ा गया।
वारदात कर दूसरे शहर चले जाते
थानाधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी हरियाणा की एक गैंग के सदस्य है। गैंग भीड़-भाड़ वाले एटीएम बूथों पर जाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। एटीएम बूथ पर ऐसे लोगों पर निगाह रखते,जिन्हें कार्ड से रुपए निकालने नहीं आते। उनसे एटीएम कार्ड लेकर पासवर्ड पूछते। मौका देखकर दूसरा एटीएम कार्ड दे देते। इसके बाद दूसरे एटीएम बूथ से रुपए निकालकर दूसरे शहर चले जाते थे। दोनों ने अब तक 9 राज्यों में 100 से ज्यादा वारदातें करना कबूला है। गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
18000 रुपए बरामद
थानाधिकारी ने बताया कि गैंग ने अब तक राजस्थान के कई जिलों मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा में 100 से ज्यादा वारदात की है। पकड़े गए आरोपियों से 18000 रुपए बरामद किए गए हैं।

