बीकानेर,@दैनिक खबरां।जयपुर: – प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने और पशुओं को बेहतर इलाज देने के लिए गहलोत सरकार के पशुपालन विभाग ने नौकरियों का पिटारा खोला है।राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ भवानी सिंह राठौड़ की और से राज्य पशुपालन विभाग के सभी जिला संयुक्त निदेशकों को आज जारी एक पत्र में कृत्रिम गर्भाधान विषय को लेकर 500 मैत्री केंद्र स्थापित करने का निर्देश जारी किया गया है।
इस जारी किए गए पत्र में डॉ राठौड़ ने जिला संयुक्त निदेशकों को लिखा है कि प्रदेश में कृत्रिम गर्भाधान कार्य को बढ़ावा देने एवं इसके कार्यक्षेत्र का विस्तार करने हेतु भारत सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन के अंतर्गत पाँच सौ मंत्री केंद्र स्थापित किए जाने हैं और इस से 500 युवाओं को रोजगार मुहैया करवाया जाएगा। इस योजना में जिस भी क्षेत्र में एक हजार प्रजनन योग्य मादा पशु उपलब्ध हैं और तीन किलोमीटर के दायरे में कोई भी पशु हस्पताल या संस्था कार्यरत नहीं है वहां एक मैत्री केंद्र स्थापित किया जाएगा. राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ भवानी सिंह राठौड़ ने बताया कि सभी जिला अधिकारियों को आगामी सात दिन में ऐसी ग्राम पंचायतों का चयन कर उनकी सूची कार्यालय में सौंपने के निर्देश जारी किए हैं।

