युवती संग फोटो अपलोड की तो हुआ यह बवाल…..

जोधपुर पुलिस कार्रवाई

युवती संग फोटो अपलोड की तो हुआ यह बवाल…..

जोधपुर, @Dainikkhabraan। एयरपोर्ट थानान्तर्गत सांसी बस्ती में गुरुवार को एक ही समाज के दो पक्षों में विवाद गहरा गया और दोनों ने एक-दूसरे पर बोतलों व पत्थरों से हमला कर दिया।

तीन लोगों के चोट आईं और कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने छह महिलाओं सहित तेरह जनों को गिरफ्तार कर स्थिति नियंत्रित की। सहायक पुलिस आयुक्त मांगीलाल ने बताया कि बस्ती में कुछ दिन पहले युवक व युवती भाग गए थे। जो बाद में लौट आए थे। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है।

युवक कहीं बाहर काम करता है। उसने गुरुवार को फेसबुक पर युवती संग एक फोटो अपलोड कर दिया। इसको लेकर युवती के घरवाले नाराज हो गए। वे युवक के घर पहुंचे और उलाहना दिया। इसको लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष एक-दूसरे से झगड़े पर उतारू हो गए।

मामला बढ़ने लगा तो एक पक्ष से कुछ युवकों ने पत्थर फेंक दिए। जवाब में दूसरी तरफ से भी पथराव हो गया। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने कांच की खाली बोतलें भी फेंकनी शुरू कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी सी मच गई। पथराव व बोतलें फेंकने से तीन लोगों के चोटें आईं। हालांकि यह लोग सामने नहीं आए हैं।

विवाद का पता लगते ही सहायक पुलिस आयुक्त मांगीलाल व एयरपोर्ट थानाधिकारी दिलीप खदाव मौके पर पहुंचे और समझाइश व डण्डे फटकार कर स्थिति नियंत्रित की।

थानाधिकारी खदाव ने बताया कि मौके पर शांति है। छह महिलाएं व सात पुरुषों को शाति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल किसी ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई है।

मकान में घुसे, तोड़-फोड़ कीविवाद के दौरान दोनों पक्षों से बोतलें व पत्थर फेंकने से एकबारगी हड़कम्प मच गया।

पुरुष ही नहीं बल्कि महिलाएं भी पथराव करने में शामिल हो गईं। कुछ लोग एक मकान में जा घुसे, जहां तोड़-फोड़ कर दी गई। मकान के आगे लगा छप्पर नीचे गिर गया। एक-दो ऑटो रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गईं।