युवती को दो आरोपियों ने 7 माह तक अपने खेत पर बंधक बनाकर किया रेप…..

नागौर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

युवती को दो आरोपियों ने 7 माह तक अपने खेत पर बंधक बनाकर किया रेप।

परबतसर/नागौर, @dainikkhabraan। परबतसर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दो आरोपियों द्वारा 7 माह तक अपने खेत पर बंधक बनाकर रेप करने के मामले में पीड़िता ने न्याय नहीं मिलने से सोमवार को अजमेर रेंज IG एस सेंगथिर के पास पेश होकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद सितंबर माह में ही दोनों आरोपियों के खिलाफ परबतसर पुलिस थाने में गैंगरेप का मामला दर्ज करवा दिया था।

इसके बाद उसके 164 के तहत बयान भी करवा लिए गए, लेकिन मामले की जांच कर रहे मकराना डिप्टी ने अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।

अब आरोपी रोजाना उसे मामला उठाने और दुबारा अपहरण कर ले जाने की धमकियां दे रहे हैं। इससे वह तंग हो गई है। पीड़ित ने बताया कि 22 जनवरी को उनके नाना का देहांत हो गया था जिसके चलते उसकी फैमिली ननिहाल गई हुई थी। वो घर पर अकेली सो रही थी।

तभी राहुल और नेमीचंद निवासी बेसरोली मौका पाकर घर में घुस गये और उसे कोई नशीली चीज सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद बाइक पर बैठाकर उसे अपनी ढाणी के खेत में ले गए।

जहां दोनों ने मिलकर 7 महीनों तक उसे बंधक बनाकर रखा और दोनों बारी बारी से लगातार उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। सितम्बर महीने में वो जैसे-तैसे मौका पाकर आरोपियों के चंगुल से छूटी और घर पहुंचकर परिजनों को अपनी आपबीती बताई। इसके बाद मामला दर्ज करवाया गया था।

वहीं इस मामले में मकराना डिप्टी रविराज सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट पर पुलिस ने ही पीड़िता को तलाश किया था। इस दौरान पीड़िता की एक आरोपी राहुल के साथ आर्य समाज के मंदिर में शादी करने और कोर्ट से प्रोटेक्शन मांगने की भी बात सामने आई थी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है।