रीट का पेपर बिगडऩे पर युवक ने किया सुसाइड
जालोर, @dainikkhabraan। REET का पेपर बिगड़ने से तनाव में आकर कई अभ्यर्थियों के सुसाइड के मामले सामने आ रहे है। सांचौर के एक युवक जोधपुर में तखत सागर में कूदकर सुसाइड कर लिया। युवक दो दिन से लापता था। जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कुड़ी भगतासनी थाने में दर्ज थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
जोधपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था
पुलिस ने बताया कि सांचौर के सेडिया गांव निवासी महिपाल बिश्नोई (23) पुत्र बाबूलाल विश्नोई अपनी बहन के साथ जोधपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
युवक ने REET की 26 सितंबर को परीक्षा दी थी। परीक्षा देकर सांचौर लौट आया। पेपर अच्छा नहीं होने पर वह उदास रहने लगा। कुछ दिन बाद वापस जोधपुर बहन के पास चला गया।
गुरुवार सुबह 8 बजे बहन को किताब लाने का बोलकर घर से निकल गया। वापस नहीं लौटने पर बहन ने फोन किया तो बंद आया। इस पर कुड़ी भगतासनी थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।
दो दिन से था लापता
पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। इस दौरान शुक्रवार रात एक युवक का शव जोधपुर के तखत सागर में दिखा। गोताखोर भरत चौधरी व जितेंद्र मालवीय ने शव को बाहर निकाला।
जोधपुर के राजीव गांधी थाना पुलिस ने जांच की। जिस पर पता चला कि कुड़ी थाने में युवक की गुमशुदगी का मामला दर्ज हैं। कुड़ी पुलिस ने मृतक की बहन और सांचौर में रहने वाले परिवार को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा।
दैनिक खबरां न्यूज चैनल आपसे निवेदन करता है कि इस प्रकार से जीवन को खत्म कभी नहीं करना। प्रतियोगिता परीक्षा आती रहती है। केवल एक परीक्षा का पेपर खराब होने से ज़िन्दगी नहीं रूकती। पेपर खराब हुआ है तो संकल्प ले कि अगली प्रतियोगिता परीक्षा में ओर अच्छा करेंगे।

