भैंस पर टोना-टोटका का आरोप लगाकर मारपीट की, दो पड़ोसी रिश्तेदारों ने लाठी-कुल्हाड़ी से मारा, युवती सहित तीन घायल
अस्पताल में भर्ती घायल युवती का इलाज करते हुए।
चूरू, @dainikkhabraan। चूरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह भैंस पर टोना-टोटका का आरोप लगाते हुए दो पक्षों में मारपीट हो गई। लाठी-कुल्हाड़ी से हुए हमले में एक युवती सहित तीन घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का बयान लेकर कार्रवाई शुरू की है।
दूधवाखारा थानाधिकारी राधेश्याम थालौड़ ने बताया कि बरड़ादास गांव में रिश्तेदारों ने एक-दूसरे पर लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मारपीट में बरड़ादास निवासी कुमारी सरोज (22) और दूसरे पक्ष के राजेन्द्र व अशोक घायल हो गए। घायलों को चूरू के राजकीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
घायलों का बयान लिया
थानाधिकारी ने बताया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर उनकी भैंस पर टोना-टोटका करने आरोप लगाया। घायल युवती सरोज के पिता घनश्याम ने बताया कि टोना टोटका को लेकर पड़ोसी रिश्तेदार रंजिश रखता है। शनिवार सुबह बेटी सरोज घर के पास स्थित नोहरे में भैंस का गोबर डालने जा रही थी। तब राजेन्द्र, अशोक और तुलसा ने लाठी व कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। दूसरे पक्ष से राजेन्द्र और अशोक के भी चोट पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों का पर्चा बयान लेकर कार्रवाई शुरू की।

