बेटा बात-बात पर करता था बहस, तैश में आकर सौतेले पिता ने कर दिया मर्डर….

पुलिस कार्रवाई हरियाणा

बेटा बात-बात पर करता था बहस, तैश में आकर सौतेले पिता ने कर दिया मर्डर

पानीपत, @dainikkhabraan। पानीपत के समालखा में छोटी दिवाली पर घर से लापता किशोर की हत्या उसके सौतेले पिता ने ही कर दी थी। बेटे की बहस करने की आदत से परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। उसे बाइक पर बैठाकर पत्थरगढ़ गांव की ओर ले गया और यमुना के किनारे एक ईख के खेत में गमछे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली। इसके बाद बचने के लिए थाने में बेटे की गुमशुदगी की तहरीर दी। लेकिन पुलिस की छानबीन में 13 दिन बाद मामले की असलियत सामने आ गई।

खटीक बस्ती स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी डालचंद उर्फ घनश्याम ने गत चार नवंबर को पुलिस से शिकायत की थी कि उसका 15 वर्षीय बेटा आदित्य छोटी दिवाली की सुबह 11 बजे से घर से लापता है। पुलिस ने आदित्य की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।

उधर, पुजारी डालचंद की पत्नी अपने पति पर ही बेटे की हत्या करने का शक कर रही थी। पुलिस ने उसके शक के आधार पर डालचंद को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और पूछताछ में कबूल कर लिया कि उसका सौतेला बेटा आदित्य उससे बहस करता था। इसलिए वह तीन नवंबर को उसे बाइक पर अपने साथ बैठाकर पत्थरगढ़ गांव के खेत में ले गया और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसे ढूंढने का बहाना बनाते हुए पुलिस से शिकायत की।

नौ नवंबर को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस को आदित्य का शव मिला। शव सड़ चुका था। पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने लावारिस मानते हुए शव का अंतिम संस्कार करवा दिया। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों ने फोटो और कपड़ों से उसकी पहचान की। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।