चूरू: शादी के बाद विवाहिता को जयपुर होटल में छोड़ गया, युवक के दोस्त ने किया दुष्कर्म
चूरू/जयपुर, @dainikkhabraan। शहर की एक विवाहिता को शादी करने के बाद युवक उसे जयपुर के एक होटल में छोड़कर चला गया। होटल में युवक के दोस्तों ने दुष्कर्म का प्रयास किया और एक दोस्त ने दुष्कर्म किया। गुरुवार को मामला दर्ज हुआ।
पुलिस के अनुसार विवाहिता ने रिपोर्ट दी कि उसके पहले पति की कोरोना से मौत हो गई, उसके एक बच्चा भी है। शहर के एक दंपती ने अपने रिश्तेदार के साथ शादी करा दी। दंपती ने बताया कि लड़के का रांची में मकान, कारखाने एवं शॉपिंग मॉल है।
इस पर परिजनों ने 11 अगस्त को गुजरात निवासी युवक से सगाई कर दी व 14 नवंबर को मंदिर में शादी करवाई। शादी के बाद माम ससुर व माम सास ने सारे जेवरात ले लिए। शादी के बाद उसे माम ससुर के यहां ले गए, दहेज में पांच लाख रुपए की मांग की। उसके बाद पति व उसके तीन दोस्त गाड़ी में जयपुर ले गए। 16 नवंबर को पति ने जयपुर में घुमाया।
पति के दोस्तों ने अश्लील हरकतें की। इस बारे में बताने पर पति ने मारपीट की। रात को पति होटल के कमरे में छोड़कर चला गया। उसके दोस्तों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। अश्लील फोटो व वीडियो बना ली। वायरल करने की धमकी देते हुए अश्लील हरकतें की।
18 नवंबर को पति जयपुर से अहमदाबाद लेकर चला गया, जहां पर दोस्त ने दुष्कर्म किया। 21 नवंबर को वापस जयपुर होटल में ले आए। तबीयत खराब होने पर परिजनों को जयपुर बुलाया। 23 नवंबर की शाम उसका भाई जयपुर पहुंचा और उसे रतनगढ़ लेकर आ गया। रतनगढ़ आने के बाद परिजनों को सारी घटना बताई।

