चूरू: मध्यप्रदेश से पंजाब ले जा रहे पोस्त,ट्रक में कांच की बाेतलों के बीच छुपाकर डाेडा- पाेस्त की तस्करी, दाे गिरफ्तार
रतननगर/चूरू, @dainikkhabraan। रतननगर पुलिस ने रविवार दोपहर कांच की बोतलें से भरे ट्रक में छिपाकर ले जा रहे 48 किलो डोडा पोस्त चूरा बरामद कर दो जनों को गिरफ्तार किया है। रतननगर थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार राणा ने बताया कि रविवार दोपहर हाईवे पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक को रुकवाकर तलाशी ली।
जिसमें कांच की बोतलों से भरे कार्टन थे। ट्रक चालक को जब खाली बोतलों के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि खाली बोतले वह हैदराबाद से भरकर लाया है और पंजाब ले जा रहा है। पुलिस को जवाब देते समय ट्रक चालक घबरा हुआ नजर आया था तो पुलिस को शक होने पर ट्रक की तलाशी ली। जिसमें कांच की बोतलों से भरे कार्टन के बीच में एक कट्टे में डोडा पोस्त चूरा भरा हुआ था।
जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने इस संबंध में कलाड तहसील पायल जिला लुधियाना पंजाब निवासी ट्रक चालक अवतार सिंह व कलाड तहसील पायल जिला लुधियाना पंजाब निवासी परिचालक गुरविन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने डोडा पोस्त तस्कर को गिरफ्तार कर पोस्त चूरा व ट्रक को जब्त कर लिया है। कार्रवाई करने वाली टीम को एसपी नारायण टोगस की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

