राजस्थान मे एटीएम कार्ड चुराकर प्रेमी से मिलने रांची जा रही 15 साल की लड़की को पुलिस ने एयरपोर्ट पर रोका
बीकानेर, @dainikkhabraan। बीकानेर जिले की एक नाबालिग रांची में प्रेमी से मिलने के लिए घर से एटीएम कार्ड चुराकर भाग गई। उसके प्रेमी ने उसे लॉटरी के रुपए देने के लिए ऐसा करने को कहा था। लड़की के घर से लापता होने के बाद परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तकनीक का प्रयोग कर लड़की को तलाश किया और जयपुर एयरपोर्ट से पकड़ लिया।
राजस्थान के बीकानेर में रहने वाली 15 साल की नाबालिग झारखंड के एक युवक को दिल दे बैठी। दोनों की मुलाकात सोशल साइट के जरिए हुई थी।
दोनों के बीच प्यार इतना गहराया कि नाबालिग ने रांची जाने का फैसला कर लिया। उसने घर से एटीएम कार्ड चुराया और ओला बुक कर जयपुर चली गई। इधर, परिजनों को बेटी के लापता होने की जानकारी लगी तो उन्होंने गंगाशहर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के तुरंत एक्शन में आने से नाबालिग को जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट से पकड़ लिया गया।
दरअसल, बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में रहने वाली इस नाबालिग की उम्र 15 साल है। उसके पिता का निधन हो गया है। वह अपनी मां और दादा के साथ रहती है। लड़की सोशल साइट के जरिए झारखंड के रांची में रहने वाले एक युवक के संपर्क में आई थी। दोनों काफी दिनों से आपस में बात कर रहे थे।
इस दौरान लड़के ने नाबालिग से कहा कि उसकी लाखों रुपए की लॉटरी लगी है। ये रुपए लेने के लिए उसे अपना एटीएम कार्ड लेकर रांची आना होगा। इसके बाद लड़की ने घर से भागने की प्लानिंग की। उसने घर से एक एटीएम कार्ड चुराया और परिवार वालों को भनक लगे बिना बीकानेर से जयपुर के लिए एक कार बुक की। उसकी योजना थी कि वह जयपुर के सांगानेर एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर दिल्ली जाएगी और वहां से रांची जाएगी।

