बड़ा सड़क हादसा: पेट्रोल भरे टैंकर और ट्रक में टक्कर, ट्रक में आग लगने से चालक व खलासी झुलसे….

देश पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

सड़क हादसा

चितौड़गढ़, @dainikkhabraan। चित्तौड़गढ़-उदयपुर सिक्सलेन पर शुक्रवार को पेट्रोल भरे टैंकर और ट्रक में टक्कर हो गई। इसके बाद ट्रक में आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि ट्रक चालक व खलासी झुलस गए। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर भदसोडा पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड बुलाकर आग को बुझाया। पुलिस ने बताया कि टैंकर के अचानक ब्रेक लगाने से ट्रक चालक का बैलेंस बिगड़ा होगा। पूछताछ किे बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। दोनों वाहनों में टक्कर के बाद लगी आग से लंबा जाम लग गया। वन-वे करके वाहनों को निकाला गया।

पुलिस ने बताया कि हरियाणा के रहने वाले ट्रक चालक शकील (25) पुत्र सरफु व खलासी लुकमान (30) पुत्र उस्मान चित्तौड़ से मंगलवाड़ जा रहे थे। रास्ते में चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे मार्ग 27 पर भदसोडा और बानसेन के समीप हादसा हो गया। ट्रक के आगे पेट्रोल भरा टैंकर चल रहा था। ट्रक ने टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रक में आग लग गई। ट्रक चालक व खलासी शीशा तोड़कर बाहर आए और अपनी जान बचाई। इस दौरान दोनों झुलस गए हैं।

आईडी से ड्राइवर और साथी की हुई पहचान
भादसोड़ा पुलिस ने ड्राइवर व खलासी के पास मिले आईडी के आधार पर दोनों की पहचान की। फायर ब्रिगेड को बुलाकर आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद टैंकर चालक भाग गया। झुलसे चालक-खलासी को भदसोडा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से जिला हॉस्पिटल रेफर किया गया।