बंधक बनाकर विवाहिता का कराया दूसरा विवाह
बंधक बनाकर विवाहिता का कराया दूसरा विवाह: युवती ने परिवार के बिना मर्जी के गाजियाबाद में की थी शादी, चार महीने बंधक बना कर रखा, दूसरे युवक से कराई शादी, रेप की दी रिपोर्ट
जयपुर, @dainikkhabraan। जयपुर में 22 साल की विवाहिता को बंधक बनाकर पीहर पक्ष ने दूसरा विवाह करवा दिया। विवाहिता ने दूसरे युवक के खिलाफ जयुपर कोतवाली थाने में रेप का मामला दर्ज कराया है। युवती ने पहले परिजनों की बिना मर्जी के शादी कर ली थी। बाद में युवती को घर पर बुलाकर कमरे में बंधक बना कर रखा गया। उसकी दूसरी शादी करवा दी।
विवाहिता ने बताया कि जून 2020 में उसका गाजियाबाद में विवाह हुआ था। उसने परिजनों की बिना मर्जी के शादी की थी। कुछ दिनों के बाद स्थिति सामान्य होने लगी तो परिजनों से बातचीत शुरू हो गई।
चार महीने के बाद उसकी मां व भाई गाजियाबाद में उसके घर पर आए। उसे साथ में घर चलने की बात कहीं। पहले तो विवाहिता ने मना कर दिया। जिद करने पर वह पीहर में आ गई।
विवाहिता ने बताया कि उसे जयपुर में लाकर कमरे में बंद कर दिया। उसका फोन छीन कर खुद के पास रख लिया।
उसके साथ मारपीट की गई। इतनी ही नहीं उसे खाना भी नहीं दिया गया। उसने पति के पास घर जाने की जिद की तो उसके साथ मारपीट करने लगे। तब उन्होंने फरवरी 2021 में उसकी शादी जयपुर में ही एक युवक से करवा दी।
शादी के बाद उस युवक ने उसके साथ रेप किया। उसने युवक को पूरी बात भी बता दी थी। फिर भी वह नही माना। वह मौका पाकर वहां से निकल कर गाजियाबाद चली गई। उसने वापस आकर जयपुर में रेप का मुकदमा दर्ज कराया है।

