पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद नैनीताल के रामगढ़ शीतला स्थित घर पर तोड़फोड़ और आगजनी….
नैनीताल। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद (Salman Khurshid) के नैनीताल के रामगढ़ शीतला स्थित घर पर तोड़फोड़ और आगजनी और खुर्शीद के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
गौरतलब है कि सलमान खुर्शीद की लिखी हुई किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ में हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन से किए जाने पर पूरे देश में बवाल मचा हुआ है।
जगह-जगह उनके इस बयान की निंदा हो रही है। आज़ कुछ हिंदूवादी संगठनों द्वारा दोपहर उनके शीतला मुक्तेश्वर स्थित आवास में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना के बाद नैनीताल पुलिस मौके पर पहुंच गयी हैं। इस घटना की तफ्तीश की जा रही है। डीआईजी कुमाऊं नीलेश आनंद भरणे के मुताबिक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जिन लोगों का इस घटना में हाथ होगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शिकायत लेकर सख्त से सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के घर के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
वहीं, कुछ लोगों द्वारा नैनीताल आवास में तोड़फोड़ पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने उन लोगों को कहा कि आप आए और चाय पीकर जाए लेकिन उन्होंने आग से दस्तक दिया। मेरी किताब का संदेश था कि आओ हम लोग मिल जाए क्योंकि अगर हमें देश में शांति चाहिए तो हम लोगों को साथ में बैठना होगा।

