पुलिस ने टाइल्स से भरे ट्रक के टूल बॉक्स में छिपा रखी दो करोड़ की अफीम सहित एक को धर दबोचा…..

अजमेर गंगानगर पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

39 किलो 700 ग्राम अफीम पकड़ी

अजमेर, @dainikkhabraan। अजमेर में रूपनगढ़ पुलिस ने 39 किलो 700 ग्राम अफीम पकड़ी है। आरोपी चालक ने यह अफीम टाइल्स से भरे ट्रक के टूल बॉक्स में छिपा रखी थी। पुलिस ने अफीम व ट्रक जब्त कर लिया है। चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पकड़ी गई अफीम की बाजार कीमत दो करोड़ रुपए है।

अजमेर में मादक पदार्थ की तस्करी के खिलाफ अभियान चालाया जा रहा है। अजमेर SP जगदीश चन्द्र शर्मा ने बताया कि देर रात रूपनगढ़ थाना पुलिस ने पनेर तिराहे मेगा हाईवे पर नाकेबंदी कर रखी थी। एक ट्रक को रुकवाकर चैक किया गया। ट्रक में पत्थर की टाईल्स भरी हुई थी। ट्रक के टूल बॉक्स में प्लास्टिक का एक कट्टा मिला। जिसमें प्लास्टिक की थैलियों में 39 किलो 710 ग्राम अफीम मिली। आरोपी जसनाथ निवासी खेतासर, औसिया-जोधपुर निवासी तपेश चौधरी ( 29) से पूछताछ की। आरोपी पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

अफीम बिना अनुमति व लाइसेंस के परिवहन की जा रही थी। जिसे जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद की गई अफीम की कीमत करीब दो करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक भी जब्त कर थाने लाया गया।

इस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया :

ASP (ग्रामीण) किशनसिंह भाटी, DSP गोपालसिंह भाटी के सुपरविजन में गठित टीम में थाना प्रभारी कंवरपाल सिंह शेखावत, नारायण सिंह, हरिराम, हनुमान जाजड़ा, शक्ति सिंह, रिछपाल, विकास कुमार, हीरालाल शामिल थे। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है कि ये अफीम कहां से लाई जा रही थी। साथ ही किसे सप्लाई की जानी थी। जिससे राज्य में नसे के कारोबार के नेटवर्क के बारे में जानकारी मिल सके।

भवानी मंडी झालावाड़ से भरी गयी थी , गंगानगर पहुंचानी थी :

रूपनगढ़ SHO कंवरपाल सिंह शेखावत ने बताया कि ट्रक चालक से की गई प्रारम्भिक पूछताछ में बताया कि अफीम (भवानीमंडी) झालावाड़ से ली गई थी और गंगानगर में पहुंचाई जानी थी। गंगानगर में किस जगह और किसको देनी थी, इसकी सूचना भवानी मंडी से उसे मोबाइल के जरिए गंगानगर पहुंचने पर दी जाती। इससे पहले ही आरोपी रूपनगढ़ थाना पुलिस के हत्थे चढे़ गया। मामले की जांच अजमेर SP ने गांधी नगर (मदनगंज-किशनगढ़) के SHO विजयसिंह को सौंपी है। वहां आरोपी से पूछताछ की जा रही है।