पुलिस की जिला विशेष टीम की बड़ी कार्रवाई, हवाला के 30 लाख रुपए की नकदी के साथ युवक को दबोचा……

डूंगरपुर पुलिस कार्रवाई

पुलिस की जिला विशेष टीम की बड़ी कार्रवाई, हवाला के 30 लाख रुपए की नकदी के साथ युवक को दबोचा

डूंगरपुर। पुलिस की जिला विशेष टीम ने बुधवार दोपहर एक युवक को 30 लाख रुपए की नकदी के साथ दबोचा। उक्त राशि हवाला की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर जिला विशेष टीम प्रभारी व शहर कोतवाल दिलीपदान के नेतृत्व में टीम ने बिलड़ी के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल पर बैग लेकर आते युवक को रोककर तलाशी ली तो युवक के बैग में नकदी पाई गई।
पूछताछ में युवक नकदी के बारे में संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया। इस पर युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने लाया गया। सूचना पर उपाधीक्षक मनोज सामरिया भी थाने पर पहुंचे। नकदी गिनने की मशीन मंगवाकर गिनती कराई। इसमें कुल 30 लाख रुपए होना पाया गया। पुलिस ने नकदी जब्त कर आरोपी पुनाली निवासी दिनेश पुत्र भगवान पाटीदार को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में डीएसटी के हेडकांस्टेबल नवीन कुमार, कांस्टेबल महावीर, मुकेश, राजगोपाल, यशपालसिंह, पंकज तथा साइबर सेल से अभिषेक शामिल रहे।

पान मसाला व्यवसायी के घर से ली थी नकदी
थानाधिकारी दिलीपदान ने बताया कि युवक दिनेश पूंजपुर स्थित शीतल ट्रेवल एजेंसी में 12 हजार रुपए महीना तनख्वाह पर काम करता है। पूर्व में भी दो बार नकदी ले जा चुका है। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने शास्त्री कॉलोनी क्षेत्र में स्थित एक पान मसाला व्यवसायी के घर से नकदी प्राप्त की थी तथा उसे पूंजपुर ले जा रहा था।

पहले भी पहुंचाए 19 लाख
थानाधिकारी ने बताया कि दिनेश के पास एक पर्ची भी मिली। इसमें कुछ लोगों के नाम हैं, जिनके वहां उसने नकदी पहुंचाई। पूछताछ में उसने बताया कि बुधवार सुबह ही उसने उसी व्यापारी के घर से 19 लाख रुपए प्राप्त कर पूंजपुर में कुछ लोगों तक पहुंचाए थे।