परिवार के सोने के बाद नाबालिग भागी,घर से जाते हुए पांच लाख नकदी और जेवरात लेकर गई,पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
सरदारशहर/चूरू, @dainikkhabraan। जिले के सरदारशहर थाना में 14 साल की नाबालिग के अपहरण और सोने-चांदी के आभूषण सहित पांच लाख रुपए नकदी चोरी का मामला दर्ज हुआ है। हैड कांस्टेबल विजेन्द्र सिंह ने बताया कि आसासर निवासी पिता ने मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात परिवार के लोग खाना खाकर सोये थे। रात को किसी समय नाबालिग बेटी किसी अज्ञात युवक के साथ चली गई।
जाते समय घर के कमरे में बक्से के अंदर रखे पांच लाख रुपए नकदी,पांच तोला सोने के आभूषण और एक किलो चांदी के आभूषण घर से ले गई। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह उठने पर लगी। नाबालिग को गांव व रिश्तेदारी में तलाश करने पर भी नहीं मिली। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर नाबालिग के अपहरण व चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी है।

