शादी के 7 साल बाद की पत्नी की हत्या: सेड़वा में पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या, विवाहिता के पिता ने पति, सास के खिलाफ कराया दहेज हत्या का मामला दर्ज
बाड़मेर, @dainikkhabraan। बाड़मेर जिले के सेड़वा थानान्तर्गत भीलों की बस्ती में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर सेड़वा मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने पति भंवराराम को हिरासत मे ले लिया है विवाहिता के पिता की रिपोर्ट पर पति, सास, ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुबह पति-पत्नी के बीच आपस में बहस हो गई।
गुस्साये पति भंवराराम ने पत्नी चंपादेवी (26) की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पति को हिरासत में ले लिया। वहीं, विवाहिता के पीहर पक्ष ने पति, सास और ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है।
विवाहिता के पिता मूलाराम ने बताया कि मेरी पुत्री की शादी के समय मैंने मेरी हैसियत से अधिक दहेज दे दिया था, लेकिन उसका पति और सास ससुर दहेज के लिए परेशान करते थे। दहेज नहीं लाने पर मारपीट करते रहते थे।ससुराल वाले एक लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे।
शुक्रवार को पति, सास और ससुर ने मिलकर हत्या कर खेत में फेंक दिया। सेड़वा थानाधिकारी जेठाराम ने बताया है कि विवाहिता के पिता ने पति भंवराराम, सास और ससुर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दी है। इस पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हत्या के कारणों का खुलासा करने में जुटी है। विवाहिता चंपा की शादी 2014 में भंवराराम के साथ हुई थी। चंपा के दो लड़के हरीश (5) और खेताराम (3) है।

