नहर में मिली पिता-बेटी और दोस्त की लाश, 3 दिन से गायब थे तीनों….

पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

8 साल की बेटी को लेने दोस्त के साथ ससुराल गया था पिता, अब पानी में तैरती मिली लाशें

बूंदी, @dainikkhabraan। बूंदी के झारबालापुरा नहर में गुरुवार सुबह तीन शव मिते। सुबह सबसे पहले झारबालापुरा नहर में से 8 साल की बच्ची का शव मिला। पांच घंटे बाद ही दो और शव मिले। जिनमें एक बच्ची का पिता और दूसरा उसके साथी का शव था। पुलिस जांच में सामने आया कि मंगलवार को पिता कार से अपने दोस्त के साथ बेटी को लेने अपने ससुराल गया था। तीनों डूब गए। परिजनों ने तीनों की गुमशुदगी की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। सदर थाना इलाके में गुरुवार को तीन शव एक साथ मिलने से सनसनी फैल गई।

बच्ची का शव सुबह झारबालापुरा नहर में मिला था। सूचना पर सदर थाना प्रभारी संदीप शर्मा घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस पहचान के प्रयास कर ही रही थी कि करीब पांच घंटे बाद माटुंदा में टूटी नहर में बहकर दो शव खेत में आ गए। इससे एक बारगी तो पुलिस भी सकते में आ गई। थानाधिकारी ने बताया कि बच्ची की पहचान ईशानी ( 8 ) पुत्री हरिराम गुर्जर के नाम से हुई। अन्य दो में बच्ची का पिता हरिराम गुर्जर (30) पुत्र रामेश्वर और उसका साथी सुनील (25) पुत्र रामकरण हैं। दोनों भाटिया की झोपड़ियां गेंडोली के रहने वाले हैं। पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपे।