नकली थानाधिकारी बनकर मांगे रूपए
चूरू, @dainikkhabraan। बीकानेर संभाग के चुरू जिले के दूधवाखारा थाना क्षेत्र में यू-ट्यूब पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक को ब्लैक मेल करने का मामला सामने आया है। ब्लैकमेलर ने फोन पर खुद को करोल बाग दिल्ली का थानेदार बताया। युवक से 50 हजार रुपए मांगे गए। रुपए नहीं देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच की। रुपए नहीं देने पर वीडियो को वायरल करने की धमकी
दूधवाखारा पुलिस ने बताया कि लोहसना छोटा निवासी एक व्यक्ति ने मामला दर्ज करवाया है। पीड़ित ने बताया कि एक सितम्बर की सुबह उसके मोबाइल पर कॉल आया। सामने वाले व्यक्ति ने खुद को करोल बाग दिल्ली का थानेदार विजेन्द्र सिंह बताया। उसने कहा कि आपके खिलाफ यू-ट्यूब से शिकायत आई है। किसी लडक़ी के साथ आपका अश्लील वीडियो है।
मामले को खत्म करवाना है तो यू-ट्यूब के नंबरों पर कॉल कर लो। पीड़ित ने उस नंबर पर कॉल किया तो उससे 50 हजार रुपए मांगे गए। रुपए नहीं देने पर वीडियो को वायरल करने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।रुपए ऐंठने की साजिश दूधवाखारा थानाधिकारी रामविलास विश्नोई ने बताया कि ऐसे मामलों में रुपए ऐंठना ही मकसद होता है।
मामले की जांच में सामने आया कि करोल बाग दिल्ली में विजेन्द्र सिंह नाम से कोई थानाधिकारी नहीं है। दोनों के फोन भी ऑफ आ रहे है। मामले में फर्जी थानाधिकारी ने ही पीड़ित को यू-ट्यूब के अधिकारी के नंबर दिए थे। ऐसे मामलों में प्रथम दृष्टया फेसबुक से मोबाइल नंबर लिये जाते है और भोले-भाले लोगों को लूट का शिकार बनाया जाता है।

