दोस्त कहते थे तेरी पत्नी चरित्रहीन है,वीडियो कॉल पर कई युवकों से बात करती थी पत्नी, रिकॉर्डिंग निकालकर समझाया, नहीं मानी तो मार डाला
उदयपुर, @dainikkhabraan। उदयपुर की गोगुंदा थाना पुलिस पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति से लगातार पूछताछ कर रही है। जो 4 दिन की रिमांड पर है। पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। आरोपी पति दौलत सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी के कई लोगों से संबंध थे। लगातार मना करने के बाद भी वो उन लोगों से घंटों फोन पर बात करती रहती थी। दोस्त तक पत्नी के चरित्र को लेकर उसे ताने देने लगे थे। इससे वो परेशान हो चुका था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी दौलत सिंह ने बताया कि 2013 में उसकी हेमा कुंवर के साथ शादी हुई थी। करीब 6 साल पत्नी गांव कामली घाट चौराहा में सास-सुसर के साथ रही। जहां उसे आए दिन टोकने पर झगड़ा होने लगा। डेढ़ साल पहले पति-पत्नी अलग रहने लगे। इसके बाद पत्नी का लोगों से बात करना बढ़ गया। लोगों से वीडियो कॉल पर बात करने लगी थी।
आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी की कॉल रिकॉर्डिंग भी निकलवाता था। उसे कॉल रिकॉर्डिंग दिखाकर लोगों से बात करने के लिए मना किया था। हर बार वो गलती नहीं करने की बात कहकर माफी मांग लेती। पांच-सात दिन सामान्य रहती। बाद में मौका पाकर फिर किसी ओर से वीडियो कॉल पर बातें करती रहती।
पुलिस को आरोपी पति के मोबाइल से भी कई रिकार्डिंग मिली है। जो युवकों से उसकी पत्नी की बातचीत की है। आरोपी ने बताया कि हेमा माता-पिता के साथ नहीं रहना चाहती थी। अलग रहकर अपने हिसाब से जिंदगी जीना चाहती थी। हत्या को अंजाम देने से पहले भी उसने यूट्यूब पर थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाने की जानकारी जुटाई।
आरोपी ने पूछताछ में ये भी बताया कि करीब 2 साल पहले भी उसने पत्नी को मारने की कोशिश की थी, लेकिन कामयाब नहीं हो सका।

पत्नी के चरित्र को लेकर दोस्त और रिश्तेदार करते थे कमेंट
आरोपी दौलत सिंह ने बताया कि गांव के कई दोस्त और रिश्तेदार भी पत्नी के चरित्र के बारे में कई बार कमेंट करते थे। इससे वो बेहद दुखी था। पत्नी अक्सर अपने सोशल मीडिया पर मॉडल की तरह फोटो खींचवाकर पोस्ट करती। आरोपी ने दो बार उसके मोबाइल नंबर भी बदलवा लिए, मगर वो नहीं मानी। नए नंबर से गांव के कई युवकों से बात करती थी। इसी से परेशान होकर उसने गांव छोड़ दिया। डबोक के एक आश्रम में नौकरी करने लगा, ताकि गांव से अलग होकर पत्नी को सुधार सके।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 8 नवंबर को पत्नी की डबोक स्थित अपने घर में हत्या की। उसके बाद शव को फेंकने के लिए शहर के आस-पास कई इलाकों में घूमता रहा। इसके बाद कई जगह नहीं मिलने पर वह गोगुंदा हाईवे पर चलते हुए 55 किलोमीटर तक आ चला गया।
आरोपी ने बताया कि शव को डबोक के जंगल के पास ही फेंकना चाहता था, मगर आवाजाही होने से वो डर गया। फिर सिटी की तरफ आया। तकनीकी का जानकार होने से आरोपी ने हत्या करने से पहले ही फोन को फ्लाइट मोड पर कर दिया। करीब तीन घंटे तक उसने फोन को ऐसे ही रखा।
शव को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी राजसमंद जिले में अपनी मौसी के घर चला गया। आरोपी पति से सच पता लगाने के लिए पुलिस को दो दिनों तक 20 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने पड़े। इसी दौरान एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाता देखकर पुलिस ने टोल नाके से भी जानकारी जुटाई।
ये है मामला
गोगुंदा थाना क्षेत्र के कनजी का गुड़ा में 11 नवंबर को सड़क किनारे एक दीवार के पास महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने मृतका की पहचान हेमा कुंवर चौहान की और कड़ी से कड़ी जोड़कर आरोपी पति दौलतसिंह तक पहुंची। पूरा मामला पति -पत्नी के बीच चरित्र संदेह को लेकर हत्या का है। दंपती के दो बच्चे भी हैं।

