बीकानेर, @dainikkhabraan। हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस के मामले अब बढ़ने लगे हैं। साथ ही बच्चों में संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में प्रदेश तीसरी लहर की आहट से इंकार नहीं किया जा सकता है। बीते तीन दिन में सूबे में 700 से ज्यादा केस रिपोर्ट हुए हैं।
मंडी जिले में सबसे अधिक एक्टिव केस हैं। शुक्रवार को प्रदेश में 256 कोरोना केस रिपोर्ट हुए हैं, जबकि दो मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में 37 बच्चों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें मंडी जिले के 10, कांगड़ा आठ, शिमला के रोहड़ू में 10 बच्चे, बिलासपुर पांच, हमीरपुर तीन, ऊना और चंबा में दो-दो बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना अब डेढ़ से लेकर 18 साल तक के बच्चों को अपनी गिरफ्त में ले रहा है।
हिमाचल में कोरोना संक्रमण के मामले कई जिलों से सामने आए हैं। चंबा 68, मंडी 60, शिमला 52, कांगड़ा 43, हमीरपुर 24, बिलासपुर 18, लाहौल-स्पीति 10, ऊना आठ, जबकि कुल्लू व सोलन में पांच-पांच और किन्नौर में चार नए मामले आए हैं. कांगड़ा और मंडी में एक-एक संक्रमित महिला की मौत हुई है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 137 मरीज ठीक हुए हैं। प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 207344 पहुंच गया है। इनमें से 202060 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामले 1727 हो गए हैं. अब तक 3517 संक्रमितों की मौत हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना की जांच के लिए 13940 सैंपल लिए गए।

