दहेज के लिए महिला कांस्टेबल से मारपीट,
पति पर लगाया अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का आरोप।
काका ससुर भी करता छेड़छाड़,10 लाख रुपए और कार की डिमांड करते थे।
चुरू, @dainikkhabraan। चुरू जिले में महिला कांस्टेबल के साथ दहेज लोभी पति की हैवानियत का मामला प्रकाश में आया है। शादी में दस लाख नगद और कार नहीं मिलने पर पति पीड़िता के साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाता था।
काका ससुर भी पीड़िता के साथ गलत हरकत करता था। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस में 10 जनों के खिलाफ मामला मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 2019 में हनुमानगढ़ जिले में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने का उलाहना देकर मारपीट करते थे।
पीहर से 10 लाख रुपए और कार की डिमांड की जाती थी। मांग पूरी नहीं होने पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
6 जनवरी 2019 को ससुराल पक्ष के लोगों को साढ़े चार लाख रुपए दिए थे। पीड़िता ने अपने पति पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि काका ससुर भी गलत हरकत करता था। महिला थाना पुलिस ने आईपीसी की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने पीड़िता का जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया है।

