किन्नर से अश्लील हरकत, गंजा कर बाजार में घुमाया; वीडियो सामने आने के बाद हुआ खुलासा
जयपुर, @dainikkhabraan। जयपुर में एक किन्नर का अपहरण कर उसके साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। किन्नर के बाल मुंडवाते हुए एक वीडियो भी है।
दरअसल, 50 गांवों के इलाके को लेकर किन्नर का विवाद उसी के साथी किन्नरों से चल रहा था। किन्नर का अपहरण कर उसके साथी कुचामन ले गए।
उसके बाल काट कर गंजा कर दिया। मारपीट कर उसके साथ अश्लील हरकतें की और पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। पीड़ित किन्नर ने जयपुर के विद्याधर नगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
इधर, जयपुर पुलिस घटना के क्षेत्र को लेकर उलझी हुई है। किन्नर ने श्रीमाधोपुर के थानाधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। अब वीडियो सामने आने पर पीड़ित किन्नर ने शुक्रवार को सबके सामने अपनी बात रखी है।
विद्याधर नगर की रहने वाली किन्नर ने बताया कि वह कुचामन की रहने वाली काजू बाई की चेली थी। उसे सीकर के 50 गांवों की जागीर दी गई।
वह गांवों से बधाई लेकर गुरू काजू बाई को देती थी। उसका विवाद अन्य किन्नरों से हो गया। तब किन्नर राजकुमारी निवासी मेड़ता, पूजा बाई निवासी रेनवाल, काजू बाई निवासी कुचामन और तीन अन्य ने 25 जुलाई को उसका अपहरण कर लिया।
कमरे में बंद कर हाथ पैर बांध दिए। उसके साथ मारपीट और अश्लील हरकतें की गई। उसे पेशाब पिलाया गया। उसके अश्लील वीडियो बना लिए। फिर इंटरनेट पर अपलोड कर दिए। उसके कपड़े फाड़ डाले। नग्न कर चारों तरफ घुमाया। उसकी चेन और 25 हजार रुपए निकाल लिए।
दरअसल, किन्नरों को अलग-अलग गांव और शहर के क्षेत्र बाटे जाते हैं। इन्हीं क्षेत्र और गांव में ही इन्हें बधाई लेने का अधिकार होता है। इन अधिकार क्षेत्रों के अलावा किसी दूसरे के इलाकों में जाने की इजाजत नहीं होती है। इसे ही जागीर कहते हैं। इनका बंटवारा गुरु द्वारा किया जाता है। वो किसी भी चेले को अपने हिसाब से क्षेत्र बांट सकता है।
आपत्तिजनक अवस्था में बाजार में घुमाया
26 जुलाई को उसे गाड़ी में पटक कर खाटूश्याम में एक होटल में ले गए। वहां पर सभी ने मिलकर शराब पी। फिर उसे दांतारामगढ़ में लेकर गए। वहां पर बाजार में कपड़े फाड़ दिए। वह रोती रही और छोड़ने की गुहार लगाती रही। उसे इसी हालत में बाजार में घुमाया। उसके वीडियो बनाए और इंटरनेट पर वायरल कर दिए। उसके सिर के बाल काट कर मुंडन कर दिया।
किन्नर ने पुलिस पर लगाए आरोप
किन्नर का आरोप है कि वह श्रीमाधोपुर थाने में अपहरण और मारपीट की रिपोर्ट लेकर गई तो पुलिसकर्मियों ने उसकी कोई बात नहीं सुनी। उसे बेइज्जत कर थाने से भगा दिया। परेशान होकर वह 1 अगस्त को जयपुर आ गई। 4 दिन के बाद जयपुर में आरोपियों ने रास्ता रोककर उसके साथ दोबारा से मारपीट की। उसे सीकर की ओर नहीं जाने की धमकी दी। इसके बाद मामला दर्ज करवाया गया। शुक्रवार को घटना के वीडियो सामने आए।
ये है पूरा मामला
किन्नर जयपुर की विद्याधर नगर की रहने वाली है। उसे गुरू काजू बाई ने चेला बना लिया था। सीकर के आसपास के 50 गांव दिए थे। वह गांवों से बधाई लेकर गुरू को देती थी। इस बात से राजकुमारी बाई और पूजा बाई चिढ़ने लग गई। वे दोनों गुरू को भड़काने लग गई। तब उनके बीच में विवाद शुरू हो गया था। पहले तो उससे गांवों में जाने से मना कर दिया था। फिर उसे धमकी देने लग गए।
बाद में अपहरण कर मारपीट की और अश्लील हरकतें कर डाली।
पूरे मामले को लेकर विद्याधर नगर पुलिस भी उलझी हुई है। क्योंकि घटना सीकर, दांतारामगढ़, खाटूश्याम व कुचामन में हुई है। विद्याधर नगर पुलिस ने पीड़िता किन्नर के बयान दर्ज कर लिए हैं, लेकिन गैर इलाका होने के कारण जांच को लेकर असमंजस में है।

