थ्रेसर मालिकों से हुई रंजिश, कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से किया हमला, मारपीट से अधेड़ की मौत…..

चुरू पुलिस कार्रवाई बीकानेर

मारपीट से अधेड़ की मौत, कम्पैन मशीन लेकर आए थे फसल काटने, गांव के थ्रेसर मालिकों से हुई रंजिश, कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से किया हमला।

राजगढ़, @dainikkhabraan सादुलपुर तहसील के गांव न्यांगल बड़ी में मंगलवार देर रात आपसी झगड़े में लाठी-डंडे की चोट लगने से हरियाणा के हांसी थुराणा निवासी आजाद (50) की मौत हो गई। सूचना पर सादुलपुर थानाधिकारी गुरभूपेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को राजकीय रेफरल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सूचना के बाद बुधवार को मृतक के परिजन सादुलपुर पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।

थानाधिकारी गुरभूपेन्द्र सिंह ने बताया कि हरियाणा हांसी के थुराना निवासी कर्मवीर सिंह ने दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने मामा आजाद सिंह के साथ कम्पैन मशीन से फसल काटने का काम करते है। करीब 10 दिन पहले मैं, मामा आजाद सिंह, अनूप, अनिल और संदीप कम्पैन मशीन लेकर मूंग की फसल काटने के लिए न्यांगल बड़ी गांव आए थे। इससे गांव में थ्रेसर रखने वाले लोग हमसे रंजिश रखने लगे और कहने लगे कि तुम्हारे आने के कारण हमारा काम धंधा बंद हो गया है।

उसने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे वह, उसके मामा आजाद सिंह, अनूप, संदीप और अनिल मोहनलाल के घर बैठे थे। कम्पैन मशीन के ड्राइवर और हेल्पर घर के बाहर सो रहे थे। इस दौरान न्यांगल बड़ी निवासी सतवीर, संदीप, कुलदीप, नरेश उर्फ बिल्ला, प्रमोद व 5-6 अन्य लोग हाथ में लाठियां लेकर आए और कम्पैन ड्राइवर और हैल्पर के साथ मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर मामा और हम सब लोगों उन्हें छुड़ाने के लिए गए। तभी आरोपियों ने आजाद सिंह पर लाठी व डंडों से हमला कर दिया। आरोपी कह रहे थे कि अगर हमारे गांव कम्पैन लेकर आओगे तो यही अंजाम होगा। मारपीट में घायल आजाद सिंह को अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया।

पिछले साल भी रूके थे मोहन के घर
थानाधिकारी गुरभूपेन्द्र सिंह ने बताया कि आजाद सिंह पिछले साल भी न्यांगल बड़ी गांव में मूंग की फसल कटाई के लिए आए थे। उस समय भी गांव के मोहनलाल के घर में रूके थे। इस साल भी मोहनलाल के घर पर ही रूके हुए थे। लेकिन इस बार यह घटना हो गई।