दहेज प्रताड़ना के मामले में
हनुमानगढ़, @dainikkhabraan। हनुमानगढ़ में गुरुवार दोपहर दहेज प्रताड़ना की शिकायत पर समझाइश के लिए बुलाए गए दो पक्ष महिला थाने के सामने भिड़ गए। जमकर लात-घूंसे चले। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग कर मामले को शांत करवाया। दोनों पक्षों की ओर से इस संबंध में मामला दर्ज नहीं करवाया गया है।
पुलिस ने बताया कि रजनी नाम की महिला ने 6 दिसम्बर को महिला सुरक्षा सलाहकार में दहेज प्रताड़ना की शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि 3 साल पहले उसकी शादी जाखड़ा वाली गांव के सुरेश से हुई थी। मामले में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे दोनों पक्षों को समझाइश के लिए महिला थाने के परामर्श केंद्र पर बुलाया गया।
समझाइश से पहले परामर्श केंद्र में तैनात स्टाफ ने दोनों पक्षों को बाहर बैठने के लिए कहा। दोनों पक्ष थाने के बाहर बैठ गए, लेकिन यहां समझौते की बजाय गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
मारपीट करने लगे। शोर-शराबा सुनकर पुलिसकर्मी थाने से बाहर आए और बीच बचाव किया। इसके बाद लड़के का पक्ष बाहर से ही वापस लौट गया। महिला पक्ष थाने में आकर बैठ गया।

