कोरोना का प्रकोप 13 से 17 वर्ष की आयु के 4 बालक व एक बालिका कोरोना पाॅजिटिव….
जयपुर में ओमिक्रोन वैरिएंट वाले 9 में से 4 लोग निगेटिव आ गए हैं। सभी की कोरोना रिपोर्ट गुरुवार को निगेटीव आने के बाद चिकित्सा विभाग ने राहत की सांस ली। दरअसल, जयपुर में एक ही परिवार के 4 और उनके रिश्तेदारों सहित कुल 9 लोगों की जीनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई थी।
वहीं, जयपुर में आज कुल 17 संक्रमित मिले। इनमें 5 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में से 4 छात्र और 1 छात्रा है। इनमें 3 बच्चे अंबाबाड़ी के रहने वाले हैं। जिनकी उम्र 14,16 और 17 साल है। बनीपार्क में 13 और सोड़ाला में 15 साल उम्र के संक्रमित मिले हैं।
कुल 17 मरीजों में जयपुर के सोड़ाला इलाके में 5, अम्बाबाड़ी में 3, लालकोठी और तिलक नगर में 2-2, वैशाली नगर, बनी पार्क, ब्रह्मपुरी, चौड़ा रास्ता और जवाहर नगर में 1-1 पेशेंट में कोविड इंफेक्शन मिला है। सभी को आईसोलेट किया गया है। साथ ही इलाज शुरू कर दिया गया है।
कोविड वैक्सीनेशन पर फोकस
जयपुर के सीएमएचओ-फर्स्ट डॉ नरोत्तम शर्मा ने दैनिक भास्कर को जानकारी देते हुए बताया कि सभी का इलाज शुरू हो गया है। आज अभी तक ओमिक्रोन का कोई नया मरीज नहीं मिला है। ओमिक्रोन की जांच के लिए भी अलग से जीनोम सीक्वेंसिंग की जा रही है। जो लोग अफ्रीकी देशों से यात्रा कर लौटे हैं या ओमिक्रोन संक्रमित के सम्पर्क में आए हैं। उनमें पॉजिटिव मरीज मिलने पर जीनोम सीक्वेंसिंग करवाई जा रही है।
फिलहाल अस्पतालों और वैक्सीनेशन सेंटर्स पर कोविड वैक्सीनेशन तेजी से किया जा रहा है। हेल्पलाइन नम्बर 181 पर भी कोविड वैक्सीनेशन की व्यवस्था की जा रही है। कहीं भी 10 लोग वैक्सीनेशन की डिमांड करते हैं। तो उनके आसपास के स्वास्थ्य केन्द्र या अस्पताल में उनके लिए कोविड वैक्सीनेशन का इंतजाम किया जा रहा है।

