स्कूल में मिले अश्लील लेटर।
जालोर, @dainikkhabraan। जालोर जिले के आहोर उपखंड क्षेत्र में लगातार दूसरे सनकी की वारदात सामने आई है। यह सनकी अब राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल रोड़ला में स्कूल स्टूडेंट और टीचर के बीच अफेयर की बातें लिख उन्हें बदनाम करने की धमकी दे रहा है। यह पहली बार नहीं है जब दसवींं क्लास की लड़कियों को यह लेटर मिले हैं। पिछले एक महीने से इस तरह के लेटर लगातार मिल रहे हैं।
इन लेटर में कुछ स्टूडेंट और टीचर के नाम लेकर उनके अफेयर के बारे में लिख रहा है। यहां तक कि जिन टीचर का ट्रांसफर हो चुका है, उनके बारे में भी कई कमेंट किए है। एक छात्रा का नाम लिखकर तो यह भी धमकी दी कि, उस दिन क्लास में आई थी। अब तुझे छोडेंगे नहीं। इसके बाद से लड़कियां डरी हुई हैं। जब इनका सब्र टूटा तो परिजनों को बताया और स्कूल में फूट-फूट कर रोई।
अब मामला इतना बढ़ गया है कि कार्यवाहक प्रिंसिपल की ओर से थाने में मामला दर्ज कराया गया। बुधवार को पुलिस अधिकारी स्कूल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर स्टूडेंट के बयान लिए।
प्रिंसिपल करणाराम मीणा ने बताया कि उनके पास सोमवार को ही मामला सामने आया था। मंगलवार को कमेटी बनाकर जांच करने वाले थे, मगर RAS परीक्षा में ड्यूटी लगने से बाहर हूं। परीक्षा के बाद मामले की जांच करवाई जाएगी।
लेटर में लिखा: मैं अकेला नहीं, दूसरे स्टूडेंट भी मेरे साथ
सनकी युवक ने स्कूल के एक-एक टीचर के बारे में इस लेटर में जिक्र किया है। यहां तक की कई टीचर के बच्चों के नाम का भी जिक्र है। लेटर में टीचर के अफेयर और छात्राओं को बदनाम करने की बात लिखी है। सबसे पहले एक छात्रा के नाम से चिठ्ठी में लिखा- तू हमारी कक्षा में आई थी,अब मैं तुझे नहीं छोडूंगा। अब तुझे खतरा है। दूसरी छात्रा के नाम से लिखा- तुझे भी खतरा है। ऐसे ही दो और छात्राओं को धमकी दी। पहली छात्रा का फिर जिक्र करते हुए लिखा- तुझे तो मैं जान से मारूंगा, अब मैं तुझे नहीं छोडूंगा।
सनकी ने छात्राओं के साथ-साथ स्टाफ को तक धमकी दी है। लिखा है – अब मैं किसी को भी नहीं छोडूंगा। सबको बदनाम व बर्बाद करूंगा। आपको लगता है कि मैं अकेला हूं, लेकिन हम तो आपकी कक्षा में हैं। हम 3 लड़कियां और 2 लड़के मिलकर लेटर को लिख रहे हैं।
छात्राएं डरीं, स्कूल जाने से किया मना
इन लेटर के बाद स्कूल की बच्चियों में डर का माहौल है। मंगलवार को वे परिजनों के साथ पहुंची और स्कूल आने से मना कर दिया। उन्हें यह डर था कि जैसे तीन दिन पहले एक सनकी ने महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी वैसा कुछ उनके साथ न हो जाए। स्कूल स्टाॅफ के सामने भी इन छात्राओं ने उस घटना का हवाला देते हुए कहा कि अब हमें डर लगने लग गया है कि यह सनकी कुछ गलत न कर दें। इसके बाद स्टाफ की ओर से परिजनों से समझाइश की गई।
स्कूल प्रबंधन भी सवालों के घेरे में
चिट़्ठी वाले सनकी से दसवीं की छात्राओं में डर पैदा हो गया है। खौफ इतना है कि, क्लास में जाने से भी डरती हैं। कहती है क्लास में गए तो लेटर मिलेगा। स्कूल के खुले मैदान में बैठकर बस रोते रहती हैं। इस मामले में स्कूल प्रबंधन भी सवाल उठ रहे ळैं।। क्योंकि छात्राओं ने प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि शिकायत करने पर भी कोई कदम नहीं उठाया गया। उल्टा छात्राओं को घर जाकर बताने से मना कर दिया। छात्रों की शिकायत के बाद भी एक महीने से स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई और स्टूडेंट पर मामला दबाने का दबाव बनाया।
पुलिस पर उठे सवाल
आहोर क्षेत्र में लगातार दो ऐसी घटना सामने आने से पुलिस पर सवाल खड़े हो गए हैं। तीन दिन पहले भी आहोर क्षेत्र के थावंला में एक सनकी ने विवाहिता की हत्या कर दी थी। दम न निकलने तक कुल्हाड़ी से वार करता रहा। मौत के बाद करीब 4 घंटे तक शव से लिपटा रहा था। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मगर क्षेत्र के सरकारी स्कूल में एक महीने से सनकी से परेशान छात्राओं की पीड़ा सामने आते ही सवाल खड़े हो गए हैं।

