पति की हत्या के लिए पत्नी ने ही प्रेमी संग मिलकर रची साजिश,पुलिस ने लिया हिरासत में..

जोधपुर

पति की हत्या के लिए पत्नी ने ही प्रेमी संग मिलकर रची साजिश,पुलिस ने लिया हिरासत में..

दैनिक खबरां। लूनी में पति की हत्या के लिए पत्नी ने ही प्रेमी संग मिलकर साजिश रची थी। पत्नी ने ही पति के बारे में अपने प्रेमी को सूचना देकर हत्या करने में मदद  की थी। उसे अच्छी तरह पता था कि पति की हत्या की साजिश रची जा रही है। लूनी थाना पुलिस ने बुधवार को मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य आरोपी रिमाण्ड पर भेजे गए हैं।

थानाधिकारी ईश्वरचंद पारीक ने बताया कि आरोपी शंकर व राकेश ने एक महीने पहले दिल्ली से कार खरीदी थी। तब शंकर ने गुड्डी को बता दिया था कि यह कार रमेश की हत्या के लिए खरीदी है।

गत सोमवार सुबह मौसेरी बहन को पटवारी ज्वॉइनिंग कराने के लिए रमेश मोटरसाइकिल लेकर घर से रवाना हुआ था। तभी उसकी पत्नी गुड्डी ने प्रेमी शंकर को मैसेज करके सूचित कर दिया था। शंकर ने कार लेकर तैयार खड़े रमेश को बता दिया था। फिर वह खुद रमेश की रैकी करने लगा और रमेश को रास्ते के बारे में बताते चला गया था। सर गांव रोड पर सुनसान जगह पहुंचते ही रमेश ने कार से बाइक सवार भाई-बहन को कुचल दिया था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) गौरव गोयल ने बताया कि प्रकरण में राकेश सुथार, सोहन पटेल व रमेश माली को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया था। जबकि लूनी निवासी मृतक रमेश पटेल की पत्नी गुड्डी को भी बुधवार शाम गिरफ्तार किया गया। थानाधिकारी ईश्वरचंद पारीक ने बताया कि राकेश, सोहन व रमेश को कोर्ट में पेश करने पर पांच-पांच दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए हैं। जबकि हत्याकाण्ड की साजिश रचने का आरोपी सर गांव निवासी शंकर पटेल अभी तक फरार है। उसके बारे में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है।