दैनिक ख़बरा,राजस्थान। रामदेवरा में इन दिनों आगामी भादवा मेले के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में श्रद्धालुओं के लिए बाबा रामदेव समाधि समिति ने बैरिकेडिंग और छाया के लिए टिन शेड की व्यवस्था की। पुलिस जाब्ता के साथ प्रशासन भी अपनी व्यवस्था में लगा हुआ है।
इसी बीच श्रद्धालुओं की कतार के पास में प्रशासन के द्वारा लोहे की जाली लगाने की बात पर व्यापार संघ और प्रशासन के बीच ठनी हो गई। व्यापार संघ मुख्य बाज़ार में जाली लगाने का विरोध कर रहा है। वहीं पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की कतार के बीच दुकानदारों के द्वारा यात्री घुसाने की समस्या से निजात पाने के लिए जाली लगाने की माँग कर रहा है।
इसी के तहत बुधवार को बाबा रामदेव समाधी परिसर रोड़ पर प्रशासन के द्वारा जाली लगाने का काम शुरू किया गया। रामदेवरा थानाधिकारी दलपतसिंह चौधरी ने मौक़े पर खड़े रहकर व्यवस्थाओं को देखा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए स्थिति का जायज़ा लिया।
रामदेवरा व्यापार संघ लाइनों के पास जाली लगाने का विरोध कर रहा है। व्यापार संघ का तर्क है की मेले के दौरान भगदड़ की स्थिति में किसी प्रकार का हादसा होने पर जाली के कारण समस्या होगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा होगा। व्यापार संघ के अनुसार मंदिर रोड़ पर कुछ दुकानें ग्राम पंचायत की भी है और जाली लगने के कारण उनका धंधा ठप्प होगा।

