पिकअप गाड़ी में सवार बदमाशों का तांडव: नाकाबंदी तोड़ी, पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश; तीन बदमाश गिरफ्तार
दैनिक खबरां न्यूज़। रविवार शाम एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया। नाकाबंदी के दौरान रुकने का इशारा करने पर चालक ने गाड़ी भगा दी और पुलिस के बैरियर तोड़ते हुए कई रास्तों से तेज रफ्तार में निकल गया। पीछा कर रही चेतक गाड़ी को भी टक्कर मारी गई और हेड कॉन्स्टेबल बंशीलाल पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कूदकर अपनी जान बचा ली। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना जोधपुर के मंडोर थाना क्षेत्र की है।
पिकअप में सवार बदमाश करीब एक घंटे तक सुरपुरा डैम, ओसिया फांटा, दईजर ग्रामीण पुलिस लाइन, बेरी गंगा सहित कई इलाकों में गाड़ी दौडते रहें । मंडोर थाने के सामने से गुजरते समय आरोपियों ने बैरियर तक तोड़ दिए और स्टेडियम क्षेत्र के पास कई चक्कर लगाए, जिससे आम लोगों में दहशत फैल गई। भागते समय आरोपियों ने रास्ते में आने वाले लोगों पर पत्थर भी फेंके, जिसके जवाब में लोगों ने भी पत्थर बरसाए। इससे पिकअप के शीशे टूट गए और आरोपी घायल हो गए।
रेलवे लाइन के पास खड़ी एक ब्रेज़ा कार से टकराने के बाद पिकअप रुक गई, जिसके बाद तीनों आरोपी धीरेंद्र सिंह (निवासी तेना), राजूराम और चौथाराम उर्फ सवाई अलग-अलग दिशा में भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी में बड़ा वायर कटर, लगिया, कुल्हाड़ी और अन्य सामान मिला। थाना अधिकारी किशनलाल के अनुसार आरोपी चोरी की फिराक में थे और उनके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। हेड कॉन्स्टेबल बंशीलाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।

