नयाशहर थाना क्षेत्र में लूट की वारदात में शामिल तीन और आरोपी गिरफ्तार, ऐसे आए पकड़ में..
बीकानेर,दैनिक खबरां। लूट की वारदात में शामिल तीन और आरोपियों को नयाशहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शाहरूख खान (20),साहिल (18) पुत्र अयूब जोईया व युसुफ (25) पुत्र कालू खिंची है। तीनों ही आरोपी थाना सदर इलाके में कुचीलपुरा के रहने वाले है। इससे पहले भी इसी मामले में तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। इस लूट के मामले में पुलिस अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनसे पूछताछ जारी है।
शहर में हो रही लूट और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सौरभ तिवाड़ी के नेतृत्व में वृताधिकारी श्रवणदास संत के सुपरविजन में थानाधिकारी कविता पुनियां ने विशेष टीम गठित की। टीम में राकेश गोदारा, हंसराज, नरेश कुमार, पुरुषोत्तम, कपिल, भवानीसिंह, प्रहलाद को शामिल किया गया। थानाधिकारी पुनिया नें बताया कि टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पहले साजिद मुगल, मोहम्मद अल्ताफ और समीर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में इन आरोपियों ने अपने तीन और साथियों के नाम बताए, जिन्हें अब गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और लूटी गई राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामला क्या है-
3 अक्टूबर को हर्ष विजय निवासी स्टेशन रोड, बीकानेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सोयाबीन तेल एजेंसी में कलेक्शन का काम करता है। 10 अक्टूबर की रात करीब 8.42 बजे कोठारी अस्पताल के पास उसकी स्कूटी रोककर तीन युवकों ने आंखों में मिर्च डाल दी और उसकी पीठ पर लटका बैग छीन लिया, जिसमें ₹2,81,347 थे। रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

