बीकानेर में शुरू हुआ तीन दिवसीय ग्रेन इंडस्ट्री एक्सपो, औद्योगिक विकास की नई दिशा की उम्मीद
बीकानेर, दैनिक खबरां। पाॅलिटेक्निक काॅलेज मैदान में शुक्रवार को तीन दिवसीय ग्रेन इंडस्ट्री एक्सपो का शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि, सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा, श्री ब्रह्म गायत्री सेवाश्रम के अधिष्ठाता श्री रामेश्वरानंद, बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया तथा राजस्थान रोलर फ्लोर मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोविन्द ग्रोवर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया।
इस अवसर पर विधायक व्यास ने कहा कि बीकानेर में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं। पारंपरिक व्यवसायों में नई तकनीक जुड़ने से उत्पादन, पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन के बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने स्थानीय उद्यमियों से आह्वान किया कि वे इस एक्सपो में प्रदर्शित अत्याधुनिक मशीनों का अधिक से अधिक उपयोग करें।
जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से बीकानेर औद्योगिक विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। राइजिंग राजस्थान जैसे आयोजन और ग्रेन इंडस्ट्री एक्सपो इस दिशा में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल उद्यमियों को लाभ होता है, बल्कि रोजगार और निवेश की नई संभावनाएं भी बनती हैं।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि उत्पादन के साथ गुणवत्ता बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। इस दिशा में आधुनिक मशीनें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
श्री रामेश्वरानंद ने कहा कि खेतों से लेकर मार्केट तक हर स्तर पर तकनीकी सुधार जरूरी है ताकि हर किसान और उद्यमी को उसका उचित लाभ मिल सके।
जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने बताया कि बीकानेर अब फूड इंडस्ट्री का हब बनता जा रहा है। मेगा फूड पार्क और गैस पाइपलाइन स्वीकृत होने के बाद कई बड़ी कंपनियां बीकानेर में निवेश की इच्छुक हैं।
इस मौके पर राजस्थान रोलर फ्लोर मिल्स एसोसिएशन अध्यक्ष गोविन्द ग्रोवर ने कहा कि बीकानेर की पहचान अब केवल परंपरागत व्यंजनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि यहां की फ्लोर मिल और प्रोसेसिंग इंडस्ट्री देशभर में अपनी गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता के लिए जानी जा रही है। उन्होंने कहा कि एक्सपो में शामिल उद्यमियों को मशीनरी और प्रोसेसिंग से जुड़ी नवीनतम तकनीकों को अपनाना चाहिए ताकि बीकानेर राष्ट्रीय स्तर पर औद्योगिक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बन सके।
दाल मिल एसोसिएशन अध्यक्ष जयकिशन अग्रवाल ने बताया कि एक्सपो में पंजाब, गुजरात, कर्नाटक, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के मशीनरी निर्माताओं की 60 स्टॉल्स लगाई गई हैं। इसका उद्देश्य बीकानेर के उद्यमियों को अत्याधुनिक तकनीक से परिचित कराना है। इवेंट डायरेक्टर बृजलाल भारद्वाज एवं पवन भारद्वाज ने बताया कि 10 से 12 अक्टूबर तक चलने वाले इस एक्सपो में अनाज, दाल, तेल, चावल, मसाले, पोहा एवं मूंगफली की प्रोसेसिंग मशीनों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
इस अवसर पर बीकानेर दाल मिल्स एसोसिएशन सचिव अशोक गहलोत, बीकाजी के दीपक अग्रवाल, नरसिंहदास मीमाणी, ओमप्रकाश मोदी, विजय कुमार थिरानी, नरेश मित्तल, अनन्तवीर जैन, अश्विनी पचीसिया, प्रकाश सोनावत, संदीप अग्रवाल, मूंगफली दाना एसोसिएशन उपाध्यक्ष दिनेश जैन, पारस डागा, डूंगर प्रजापत, विनय गोयल, प्रवेश गोयल, संदीप बाहेती सहित अनेक उद्योगपति मौजूद रहे।

