इस कांग्रेस प्रत्याशी के काफिले पर हमला, बदमाशों ने की फायरिंग और पथराव

राजस्थान राज्य

इस कांग्रेस प्रत्याशी के काफिले पर हमला, बदमाशों ने की फायरिंग और पथराव

भरतपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव में सभी राजनीतिक दलों के नेता जीतोड़ मेहनत कर दिन रात एक किए हुए हैं। इस बीच भरतपुर जिले के नदबई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी जोगेंद्र सिंह अवाना के काफिले पर सोमवार को हमला हो गया। इस दौरान काफिले में चल रही गाड़ी के शीशे टूट गए। इस मामले को लेकर जोगेंद्र सिंह अवाना ने सेवर थाने में मामला दर्ज कराया है।

कांग्रेस प्रत्याशी जोगेंद्र सिंह अवाना ने बताया कि सुबह 7.30 बजे से सेवर पंचायत समिति के 21 गांवों में जनसंपर्क का कार्यक्रम था। कंजोली गांव से शुरुआत की। जैसे ही कसौदा गांव पहुंचे तो वहां कुछ लोग मोटरसाइकिल लेकर खड़े हुए थे। वे लगातार मोबाइल पर बात कर रहे थे। उन्होंने हमें गालियां देने लगे और हमारी तरफ झपट्टा मारा तो, हम गाड़ी को आगे ले आए।

हमारे काफिले में पीछे चल गाड़ियों को रोक लिया और गाड़ियों पर हमला कर दिया। लोगों ने पथराव कर दिया। अवाना ने आरोप लगाया कि लोगों ने तीन फायर भी किए। इसके बाद हमारी गाड़ियों के पीछे बाइक से पीछा करने लगे। ड्राइवर ने गाड़ी को पुलिस थाने की ओर मोड़ दिया। यह बहुत दुखद घटना है। अवाना ने बताया कि चुनाव आयोग, डीजी और मुख्य सचिव को इस बारे में अवगत करवाया गया है।