ट्रांसफार्मरों से एचआरसी फ्यूज चोरी का आतंक, बीकानेर में बार-बार ठप हो रही बिजली आपूर्ति

बीकानेर विविध समाचार

ट्रांसफार्मरों से एचआरसी फ्यूज चोरी का आतंक, बीकानेर में बार-बार ठप हो रही बिजली आपूर्ति

Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर में विद्युत तंत्र को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों द्वारा वितरण ट्रांसफार्मरों से एचआरसी फ्यूज चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इन आपराधिक वारदातों के कारण शहर के अनेक इलाकों में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक प्रतिष्ठान, शिक्षण संस्थान और धार्मिक स्थल भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।


बीकेईएसएल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) हरीश चंद्र सिंह ने बताया कि बीते एक वर्ष में इस प्रकार की चोरी की घटनाओं में चिंताजनक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एचआरसी फ्यूज चोरी के कारण कई क्षेत्रों में लंबे समय तक ब्लैकआउट की स्थिति बन रही है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एचआरसी फ्यूज चोरी एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। इससे न केवल विद्युत व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचता है, बल्कि आपूर्ति बहाल करने में भी काफी समय और संसाधन लगते हैं।
बीकेईएसएल द्वारा इस संबंध में संबंधित पुलिस थानों में अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। मामलों की जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


आमजन से अपील
हरीश चंद्र सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी वितरण ट्रांसफार्मर, विद्युत पोल या अन्य बिजली उपकरणों के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत बीकेईएसएल को दें।
📞 सूचना बीकेईएसएल कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9116155021 पर दें।


चोरी से प्रभावित क्षेत्र
रानीसर, प्रताप बस्ती कब्रिस्तान, एस्कॉर्ट क्षेत्र, 4 नंबर डिस्पेंसरी, यूको बैंक क्षेत्र, संखला प्लेस, जीत सिंह क्षेत्र, धोलामारू, डुप्लीन कॉलोनी, नशा मुक्ति केंद्र, सुदर्शन नगर, वल्लभ गार्डन, केलागोडाम, डॉ. महेश हाउस, आचार्यों की बगीची, रामपुरिया, चोटीना, नवल सागर, गौशाला, जवाहर नगर, रंजीत सिंह क्षेत्र, नाथूसर, चेतनानंद, तिलक नगर, सोफिया स्कूल क्षेत्र, सेंट्रल स्कूल, गुलमोहर पार्क, पवनपुरी, सादुलगंज, रतन बिहारी, जीरो प्वाइंट, मौसम विभाग क्षेत्र, भिनासर, गंगाशहर, व्यापार नगर, चौपड़ा स्कूल, घड़सीसर, बिनानी चौक, जस्सूसर, सोनगिरी, एम.पी. नगर, रामपुरा बायपास, कबीर आश्रम, चूना भट्टा, जेलवेल, बख्तावर सागर, सिटी न्यू, वाटर वर्क्स, चौधर कॉलोनी, नाथूसर टंकी, सूरदासाणी, गांधी मस्जिद, कालाकोटी, रेलवे क्षेत्र, शमशान के पास, अस्पताल क्षेत्र, स्कूल परिसर, मंदिर क्षेत्र एवं आसपास की अन्य कॉलोनियाँ।