11 लाख स्टूडेंट्स का इंतजार होगा खत्म
राजस्थान बोर्ड 10वीं का रिजल्ट बुधवार को होगा जारी
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) की ओर से 10वीं का रिजल्ट बुधवार (28 मई) को घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही 11 लाख स्टूडेंट का इंतजार खत्म हो जाएगा। बोर्ड 12वीं आट्र्स, साइंस, कॉमर्स का रिजल्ट 22 मई को घोषित कर चुका है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर परिणाम जारी करेंगे। वे शाम 4 बजे कोटा कलेक्टर कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अजमेर बोर्ड से जुडक़र परिणाम जारी करेंगे।
बोर्ड सचिव कैलाश चंद्र शर्मा ने बताया कि इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस साल 10वीं में 10 लाख 96 हजार 85 और प्रवेशिका में 7 हजार 324 स्टूडेंट्स ने आवेदन किए थे। 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं 6 मार्च से शुरू हुई थी और आखिरी पेपर 4 अप्रैल को हुआ था। पिछले साल 10वीं का रिजल्ट 93.03 प्रतिशत रहा था।
राजस्थान बोर्ड की 10वीं कक्षा में पिछले साल कुल 10,60,751 विद्यार्थी थे, जिनमें से 10,39,895 परीक्षा में शामिल हुए थे। कुल पासिंग प्रतिशत 93.03 प्रतिशत रहा था, जिसमें छात्राओं का 93.46 प्रतिशत और छात्रों का 92.64 प्रतिशत प्रतिशत रिजल्ट रहा था।

