घर से बेदखल बेटों-बहुओं पर पिता के घर में घुसकर नकदी–जेवरात व वसीयत चोरी का आरोप
बीकानेर,दैनिक खबरां। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र के उदासर में पारिवारिक विवाद के बीच एक गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रार्थी रामसिंह पुत्र नारायण सिंह राजपूत निवासी उदासर ने पुलिस में रिपोर्ट दी कि उसकी पत्नी के निधन के बाद वह घर पर अकेला रहता है। पत्नी की मृत्यु के सामाजिक क्रियाकर्म के बहाने उसके बेदखल किए गए बेटे-बहुएं जबरन घर में घुस आए।
प्रार्थी के अनुसार आरोपीगण ने आते ही घर में रखे सन्दूक का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी 10,000 रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात, मूल पट्टा, तथा वसीयतनामा चोरी कर ले गए। बुज़ुर्ग ने आरोप लगाया कि वह पहले ही उन्हें बेदखल कर चुका है, बावजूद इसके आरोपीगण जबरन प्रवेश कर मारपीट और गाली-गलौज की धमकी भी देते रहे।
नामजद आरोपीयों में अजय सिंह पुत्र रामसिंह,शेर सिंह पुत्र रामसिंह,सोनू कंवर पत्नी अजय सिंह,सम्पत कंवर पत्नी शेर सिंह उदासर के निवासी है। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

