पीबीएम अस्पताल में सफाई कर्मचारियों का मामला गरमाया, मांगे नहीं माने जाने पर सोमवार से आंदोलन की चेतावनी

बीकानेर राजस्थान

पीबीएम अस्पताल में सफाई कर्मचारियों का मामला गरमाया, वेतन नहीं मिलने पर सोमवार से आंदोलन की चेतावनी

दैनिक खबरां, बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में संविदा सफाई कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिलने, ईएसआई–पीएफ के लाभ नहीं देने और ठेका फर्म की मनमानी को लेकर विवाद तेज़ हो गया है। कर्मचारियों की शिकायतों को लेकर कांग्रेस नेता अरुण व्यास के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक (SSB) पहुंचकर अधीक्षक डॉ. संजीव बुरी का घेराव किया और तत्काल स्थिति सुधारने की मांग रखी।

कर्मचारियों का आरोप है कि ठेका फर्म द्वारा कई महीनों से वेतन रोका हुआ है, तय मानदेय में कटौती की जा रही है, और न ही पीएफ व ईएसआई का पैसा जमा किया जा रहा है। इसके चलते कर्मचारियों को न तो स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पा रही हैं और न ही भविष्य निधि का लाभ। कर्मचारियों ने बताया कि जब वे अपनी समस्याएं उठाते हैं तो ठेकेदार की तरफ से नौकरी से निकाल देने की धमकी दी जाती है।

अस्पताल में 100 से अधिक सफाई कर्मचारी संविदा पर लगाए गए हैं। ठेके की शर्तों के अनुसार सभी वित्तीय लाभ और समय पर वेतन देना अनिवार्य है, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि निर्धारित शर्तों का पालन बिल्कुल नहीं हो रहा है। इस कारण अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है।

शनिवार तक भुगतान नहीं तो सोमवार से आंदोलन
कर्मचारियों और कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर शनिवार तक सभी का बकाया वेतन जारी नहीं किया गया, तो सोमवार से बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। अब वे मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल का घेराव करके पूरे मामले की जानकारी देंगे। साथ ही ठेका फर्म और मेडिकल कॉलेज के बीच हुए एमओयू की प्रति भी मांगी गई है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कर्मचारियों को कौन-कौन से लाभ मिलने चाहिए और उनमें कितना उल्लंघन किया गया है। विरोध प्रदर्शन में समाजसेवी रूपकिशोर व्यास, वसीम रज़ा, मनीष, मणिशंकर, रवि मेघवाल, रमीज़ राजा सहित कई कार्यकर्ता और कर्मचारी मौजूद रहे।