साल का पहला चंद्रग्रहण आज रात को, 4 घंटे 15 मिनट का होगा,इन जगहों पर दिखाई देगा
दैनिक खबरां। आज वैशाख पूर्णिमा के दिन साल का पहला चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। चंद्र ग्रहण की शुरुआत आज रात 08 बजकर 44 मिनट से होगी। ज्योतिशास्त्र की गणना के मुताबिक यह ग्रहण तुला राशि और स्वाति नक्षत्र में लगेगा। इस चंद्र ग्रहण की कुल अवधि लगभग 4 घंटे और 15 मिनट की रहेगी। यह ग्रहण एक उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा जिसमें चांद पर एक धुंधली सी छाया नजर आएगी। आपको बता दें कि चंद्र ग्रहण तीन तरह का होता है। पूर्ण चंद्र ग्रहण, आंशिक चंद्र ग्रहण और पेनुमब्रल चंद्र ग्रहण। इस ग्रहण को एशिया, ऑस्ट्रेलिया, रूस, अमेरिका, उत्तरी अफ्रीका और यूरोप के कुछ हिस्सों में देखा जा सकेगा। भारत में यह ग्रहण नहीं दिखाई देगा। ज्योतिष शास्त्र में इस उपच्छाया चंद्र ग्रहण को ग्रहण की श्रेणी में नहीं रखा जाता है। इस कारण से इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा।
क्या होता है पेनुमब्रल चंद्र ग्रहण?
चंद्र ग्रहण तीन तरह का होता है पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण, दूसरा आंशिक चंद्र ग्रहण और तीसरा पेनुमब्रल चंद्र ग्रहण। खगोल शास्त्र के अनुसार जब भी चंद्र ग्रहण लगता है तो ग्रहण लगने से पहले चंद्रमा पृथ्वी की उपछाया में प्रवेश करता है। इसे अग्रेंजी भाषा में पेनुमब्र कहते हैं। यह न तो पूर्ण चंद्र ग्रहण होता है और न ही आंशिक चंद्र ग्रहण बल्कि इसमें चंद्रमा की छाया न पड़कर एक उपछाया पड़ती है। जिसमें चांद पर एक धुंधली सी परछाई नजर आती है। पेनुमब्रल चंद्र ग्रहण की घटना के दौरान चांद के आकार में किसी भी तरह का कोई परिवर्तन देखने को नहीं मिलता है। पेनुमब्रल चंद्र ग्रहण के दौरान चंद्रमा पूरी तरह से आम दिनों की तरह ही दिखाई देता है लेकिन चांद का रंग हल्का सा मटमैला रंग सा दिखाई पड़ता है। इसे पेनुमब्रल चंद्र ग्रहण या उपच्छाया चंद्र ग्रहण कहते हैं।
आज कब से शुरू होगा चंद्र ग्रहण?
साल का पहला चंद्र ग्रहण भारतीय समय के अनुसार 5 मई को रात 8 बजकर 44 मिनट से शुरू हो जाएगा। जो आधी रात को 1 बजकर 1 मिनट तक चलेगा। ग्रहण का उच्चतम काल रात 10 बजकर 52 मिनट पर होगा।

