शिक्षक भर्ती परीक्षा के मामले में फरार चल रहा मास्टरमाइंड प्रिंसिपल SOG के चढ़ा हत्थे, एक करोड़ में खरीदा था पेपर..

राजस्थान शिक्षा

सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा के मामले में फरार चल रहा मास्टरमाइंड प्रिंसिपल SOG के चढ़ा हत्थे, एक करोड़ में खरीदा था पेपर..

दैनिक खबरां नेटवर्क | सीनियर टीचर भर्ती परीक्षा के मामले में फरार चल रहे मास्टरमाइंड वाइस प्रिंसिपल शेरसिंह मीणा को SOG ने गिरफ्तार कर लिया है। शेरसिंह पर भूपेंद्र सारण को 1 करोड़ रुपए में पेपर बेचने का आरोप है। पकडे गये आरोपी पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है|

दरअसल, जयपुर के चौमूं स्थित दौला का बास निवासी शेरसिंह मीणा आबूरोड के सरकारी स्कूल में पोस्टेड है। पेपरलीक मामले में नाम आने के बाद से फरार चल रहा है। फिलहाल जेल में बंद एक और मास्टरमाइंड भूपेंद्र सारण ने पूछताछ के दौरान शेरसिंह से 4 पेपर खरीदने का खुलासा किया था। इसके बाद से शेरसिंह को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। जेल में बंद आरोपी भूपेन्द्र सारण ने पूछताछ में बताया था कि उसने जयपुर के चौमू निवासी शेर सिंह मीणा से पेपर खरीदा था।

इसके बाद यह पेपर सुरेश ढाका को बेचा गया और सुरेश ढाका ने अपने साले सुरेश विश्नोई के सहयोग से अभ्यर्थियों को 5-5 लाख रुपए में बेचा था। शेर सिंह की गिरफ्तारी के बाद ही मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना है। आखिर शेरसिंह को सीनियर टीचर भर्ती का पेपर किसने उपलब्ध कराया। इसमें कई बड़े नाम सामने आ सकते हैं।