दो बेटियों के अपहरण व धमकियों के सदमे में पिता नें जहर खाकर दी जान,छह नामजद सहित अन्य आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
दैनिक खबरां,दो बेटियों के अपहरण और परिजनों को दी गई जान से मारने की धमकियों के तनाव में एक व्यक्ति की मौत हो जाने का गंभीर मामला सामने आया है। परिवादी की रिपोर्ट पर बज्जू पुलिस ने छह नामजद सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवादी बुधराम पुत्र चौथाराम विश्नोई, निवासी बज्जू खालसा ने रिपोर्ट में बताया कि 19 नवंबर 2025 की रात शिशपाल पुत्र गंगाराम, श्रीचंद पुत्र शिशपाल, राकेश पुत्र शिशपाल, सुरेश भादू निवासी मोडायत एवं अभिषेक पुत्र मोहनराम, मोहनराम पुत्र सुखराम निवासी लोहावट सहित 3–4 अन्य युवक गाड़ियों में सवार होकर एकराय से उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने घर में जबरन घुसकर परिवार को डराया–धमकाया और उसकी पुत्री कविता तथा किरण का जबरन अपहरण कर गाड़ियों में डालकर ले गए।
रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद भी आरोपी घर आए और परिवादी तथा उसके पिता चौथाराम को धमकी दी कि यदि मामले की शिकायत की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इस डर और मानसिक पीड़ा से व्यथित होकर चौथाराम ने 27 नवंबर को जहर खा लिया। परिजन उन्हें पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां 30 नवंबर को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवादी ने पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी कक्ष के बाहर पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बज्जू पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच उप निरीक्षक मनीराम को सौंप दी है।

