खारा की पीओपी फैक्ट्रियों से गंभीर प्रदूषण, कांग्रेस ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को लिखा पत्र

बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन विविध समाचार

खारा की पीओपी फैक्ट्रियों से गंभीर प्रदूषण, कांग्रेस ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को लिखा पत्र

खारा औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों से बढ़ा प्रदूषण, कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर जिले के खारा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्रियों से निकलने वाले जहरीले धुएं और केमिकल युक्त गंदे पानी से वायु व जल प्रदूषण की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। इसे लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) बीकानेर के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

पत्र में बताया गया है कि बीकानेर शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर खारा गांव में स्थापित पीओपी फैक्ट्रियों के कारण वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है। औद्योगिक क्षेत्र के मिक्स्ड जोन में लगभग 40 पीओपी फैक्ट्रियां संचालित हैं, जिनसे निकलने वाला धुआं हवा की दिशा के कारण सीधे गांव की ओर फैलता है। इससे ग्रामीणों को सांस लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदूषण के चलते ग्रामीणों में अस्थमा, ब्रोंकाइटिस सहित अन्य श्वसन रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। धुएं और कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम हो गई है। वहीं, केमिकल युक्त प्रदूषित पानी पीने से पशुओं की मौत होने और बच्चों में सांस संबंधी समस्याएं बढ़ने की शिकायतें सामने आई हैं। कई बच्चों को मास्क लगाकर स्कूल जाना पड़ रहा है, जबकि सांस की गंभीर तकलीफ के चलते कुछ लोगों की मृत्यु तक हो चुकी है।

जिलाध्यक्ष सियाग ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा कई बार जिला प्रशासन को शिकायतें दी गईं और विरोध प्रदर्शन भी किए गए। प्रदूषण नियंत्रण मंडल की जांच में स्थिति को खतरनाक बताया गया तथा फैक्ट्री मालिकों को नोटिस भी जारी किए गए। जिला कलेक्टर ने भी रिपोर्ट के आधार पर फैक्ट्रियों को अन्यत्र शिफ्ट करने संबंधी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

कांग्रेस ने मांग की है कि खारा औद्योगिक क्षेत्र की सभी पीओपी फैक्ट्रियों को शीघ्र अन्यत्र स्थानांतरित किया जाए, ताकि आसपास के गांवों के लोगों को वायु एवं जल प्रदूषण से राहत मिल सके।