नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे के रनिंग कर्मचारी 17 नवंबर को विभिन्न मांगो को लेकर करेंगे विरोध प्रदर्शन
दैनिक खबरां, बीकानेर। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉईज़ यूनियन के बैनर तले रनिंग कर्मचारी 17 नवंबर को जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन रेलवे बोर्ड द्वारा रनिंग कर्मचारियों के प्रमुख मुद्दों पर निर्णय न लेने और उत्तर पश्चिम रेलवे प्रशासन द्वारा मनमर्जी से की जा रही कार्यवाहियों के विरोध में किया जा रहा है। यूनियन ने साफ कहा है कि अब धैर्य की सीमा खत्म हो चुकी है और कर्मचारी मजबूरन सड़क पर उतर रहे हैं।
यूनियन के महामंत्री मुकेश माथुर ने बताया कि यह देशव्यापी प्रदर्शन AIRF की कोलकाता में हुई कार्यकारिणी बैठक के फैसले के अनुसार होगा। उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते के 50% होने पर 25% की दर से सभी भत्तों में वृद्धि कर दी गई है, लेकिन रनिंग कर्मचारियों के किलोमीटर भत्ते में बढ़ोतरी अब तक नहीं हुई है। साथ ही किलोमीटर भत्ते के 70% हिस्से को आयकर मुक्त करने का निर्णय भी सरकार की लंबित फाइलों में धूल खा रहा है।
माथुर ने आरोप लगाया कि उत्तर पश्चिम रेलवे में क्रू वर्किंग में बिना किसी अनुमति के लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। लोको पायलट (मालगाड़ी) के पदों पर मुख्यालय के निर्देशों के बावजूद पदोन्नति नहीं हो रही, नई लॉबी एकतरफा खोल दी जा रही हैं और कैडर रिव्यू 2024-25 अभी तक जारी नहीं किया गया है। इन सबके खिलाफ लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, सीएलआई सहित सभी रनिंग कर्मचारी अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉईज़ यूनियन, बीकानेर के मोहम्मद सलीम कुरैशी नें बताया कि यह विरोध प्रदर्शन उत्तर पश्चिम रेलवे की जयपुर, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, आबू रोड, उदयपुर, फुलेरा, बांदीकुई, रेवाड़ी, भिवानी, हिसार, हनुमानगढ़, सूरतगढ़, चुरू, मेड़ता रोड और समदड़ी लॉबी पर आयोजित किया जाएगा।
बीकानेर मंडल में आंदोलन को सफल बनाने के लिए कॉम प्रमोद यादव (मंडल सचिव) और कॉम गणेश वशिष्ठ (शाखा सचिव) ने कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर एकजुटता दिखाने की अपील की है। बीकानेर मंडल में बीकानेर, सूरतगढ़, हनुमानगढ़, हिसार, चुरू और भिवानी में कर्मचारी विरोध प्रदर्शन करेंगे। बीकानेर में यह विरोध प्रदर्शन 17 नवंबर 2025 को शाम 5 बजे (17:00 बजे) प्लेटफॉर्म नंबर 6 स्थित लोको लॉबी के मुख्य द्वार पर आयोजित किया जाएगा।

