बहरोड़ (अलवर)। हरियाणा में हुए एक सड़क हादसे में राजस्थान के 20 लोग घायल हो गए। ये सभी अलवर के बहरोड़ लायंस क्लब के सदस्य थे, जो फैमिली टूर पर गए थे। हादसा इतना दर्दनाक था कि लोगों को बस की खिड़कियां तोड़ बाहर निकालना पड़ा।
रेवाड़ी सदर थाना ASI परविंदर ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह 8:30 बजे बजे रेवाड़ी- रोहतक हाईवे पर गांव रामगढ़ फ्लाईओवर पर के पास हुआ। हादसे में बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान बस में करीब 40 यात्री थे। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को रेवाड़ी के सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि सभी फैमिली टूर पर झज्जर (हरियाणा) जा रहे थे।
घायल डॉ. रतनलाल यादव ने बताया कि सर्विस लेन में ट्रक खड़ा था। बस तेज स्पीड में थी। हमने ड्राइवर को बताया भी था, लेकिन बस कंट्रोल होती इससे पहले भिड़ंत हो गई। क्लब के 31 मेंबर बस में थे। सभी प्रतापगढ़ फॉर्म हाउस में जा रहे थे। लगभग सभी लोगों को चोटें आई है।
22 किलोमीटर दूर जाते हो गया हादसा
जानकारी के अनुसार बहरोड़ लायंस क्लब के सदस्य एक दिवसीय फैमिली पिकनिक टूर पर निकले थे। हर साल अपने खर्चे पर दोस्त और परिवार के सदस्यों के साथ घूमने जाते हैं। रविवार तड़के चार बजे टूरिस्ट बस से हरियाणा के झज्जर जिले के प्रतापगढ़ के लिए निकले थे। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे से बस रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर करीब 22km दूर ही चली कि सुबह करीब 8:30 बजे ट्रक से टकरा गई।
बस कंडेक्टर साइड से टकराई। जिसके केबिन में बैठे लोग गंभीर घायल हो गए। बस के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ लोग बस से नीचे गिर गए। तेज धमाके के साथ हुए एक्सीडेंट का बाद अफरा-तफरी मच गई। सवारियों में चीख पुकार हो गई। हादसे के दौरान लोग लहूलुहान हो गए। जिन्हें बस की खिड़कियों से बाहर निकालकर एम्बुलेंस तक लाया गया। हादसे में ज्यादातर घायलों के हाथ और पैरों में फ्रैक्चर आए हैं।
ये हुए घायल
घायलों में लायंस क्लब अध्यक्ष सत्यनारायणअग्रवाल-ललिता अग्रवाल, राजकुमार जिंदल-बबिता जिंदल, डॉ. जेआर राव, डॉ. सुरेंद्र यादव-डॉ. माया यादव, हंसराज यादव-सावित्री यादव, उमेश शर्मा-लक्ष्मी शर्मा, शिव शंकर गुप्ता- उर्मिला गुप्ता, रतनलाल, विजय यादव, महेश जैन, अंजू यादव, बृजराज सिंह चौहान समेत करीब 20 लोग घायल हुए है। अधिकांश घायलों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुए हैं। हरियाणा के रेवाड़ी से गंभीर घायलों को हायर हॉस्पिटल रेफर किया गया है। वहीं, कई घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

