आरजीएचएस योजना: राजस्थान सरकार नें 50 अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस किया जारी
दैनिक खबरां,जयपुर। राजस्थान सरकार की आरजीएचएस योजना में यूरोलॉजी पैकेज कम बुक करने वाले 50 अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में योजना को पारदर्शी और लाभार्थी-केंद्रित बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने कहा कि बिना वाजिब कारण मरीजों को उपचार से इनकार करने वाले अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राजस्थान स्टेट हैल्थ एश्योरेंस एजेंसी के सीईओ हरजीलाल अटल ने बताया कि पिछले महीने लगभग 9 हजार मरीजों ने यूरोलॉजी से संबंधित उपचार लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पैकेज दरें सीजीएचएस दरों के अनुरूप हैं, इसलिए दरों को लेकर मरीजों से इनकार करना गलत है।
सीईओ ने कहा कि हितधारक कार्यालय में आकर किसी भी समस्या पर चर्चा कर सकते हैं, लेकिन योजना के प्रावधानों के अनुसार लाभार्थियों को उपचार से वंचित करना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।

