राजस्थान सरकार का तोहफा: डीए बढ़ा, कर्मचारियों-पेंशनभोगियों को मिलेगा 58% महंगाई भत्ता
दैनिक खबरां,जयपुर। दीपावली से पहले राजस्थान सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वित्त विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए यह निर्णय शुक्रवार को लिया। इसके बाद कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अब 55 प्रतिशत के बजाय 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वृद्धि 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगी। इसके तहत प्रदेश के लगभग 8 लाख कर्मचारी और करीब 4.40 लाख पेंशनभोगी इसका लाभ उठाएंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारी भी इस बढ़ोतरी का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। अनुमान है कि इस निर्णय से राज्य सरकार पर वार्षिक लगभग 1230 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ आएगा।
सरकार के निर्णय के अनुसार, कर्मचारियों को अक्तूबर माह का वेतन नवंबर में मिलेगा, जिसमें बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता नकद भुगतान के रूप में शामिल होगा। वहीं, 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक की बढ़ी हुई राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि (जीपीएफ) खाते में जमा कर दी जाएगी। पेंशनभोगियों को 1 जुलाई 2025 से बढ़ी हुई महंगाई राहत नकद भुगतान के रूप में दी जाएगी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी थी। राजस्थान सरकार ने इस फैसले के तुरंत बाद राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को भी समान लाभ देने का निर्णय लिया।

