राजस्थान इलेक्शन : वसुंधरा ने कहा- कांग्रेस केवल वादा करती है, उन्हें पूरा करना नहीं जानती; गहलोत बोले- पीएम हमारी योजनाओं में कमी निकालें
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज अनूपगढ़ में बीजेपी प्रत्याशी संतोष बावरी के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अपना वादा पूरा नहीं किया।
उन्होंने कहा- कांग्रेस सरकार केवल वादा करना जानती है, उन्हें पूरा करना नहीं जानती। संबोधन के बाद राजे जब अपने स्थान पर जाने लगी तो एक किसान महावीर मंच के पास आ गए और रोने लगे। राजे ने उनसे रोने का कारण पूछा तो किसान ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने उसका पानी बंद करवा दिया है, इससे उसके खेतों में सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंच पा रहा है और ना ही उसके घर पर पीने का पानी है।
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने किसान की पूरी बात सुनी और भाजपा पदाधिकारियों को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
गहलोत बोले- पीएम हमारी योजनाओं में कमी निकालें
नवलगढ़ पहुंचे सीएम गहलोत ने सभा को संबोधित करते हुए नगरपरिषद बनाने का वादा किया। सीएम ने कहा- आपकी मांग है कि नवलगढ़ को नगरपालिका से नगरपरिषद बनाया जाए तो मेरी गारंटी है कि सरकार बनते ही नवलगढ़ को नगर परिषद बनाया जाएगा। उन्होंने कहा- नरेंद्र मोदी यहां आते हैं जाने क्या-क्या बाते करते हैं। मेरे और मेरे परिवार के बारे में बोले, जादूगरी की बात करते हैं। हमारी योजनाओं में कमी नहीं निकालेंगे। उन्हें हमारी योजनाओं में कमी निकालनी चाहिए’।

