राजस्थान शिक्षा विभाग में प्रमोशन की बौछार : 12 हज़ार से ज्यादा पदों पर पदोन्नति
दैनिक खबरां,बीकानेर/जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग में शुक्रवार को शिक्षा विभाग की विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। आयोग कार्यालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता आयोग सदस्य प्रोफेसर अय्यूब खान ने की। बैठक में शिक्षा विभाग के विभिन्न संवर्गों में कुल 12,193 पदों पर पदोन्नति हेतु अनुशंषा की गई।
नियमित डीपीसी के अंतर्गत 11,959 अधिकारियों को पदोन्नति मिली है। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा उप प्राचार्य पदों का है। चयन वर्ष 2023-24 के तहत 8,167 और 2024-25 के तहत 3,719 अधिकारियों की पदोन्नति की अनुशंषा की गई है। उच्च प्रशासनिक स्तर पर भी पदोन्नति की अनुशंषा दी गई। चयन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत उपनिदेशक के 53 पद, संयुक्त निदेशक के 18 पद और अतिरिक्त निदेशक के 2 पदों पर पदोन्नति की अनुशंषा की गई है।
इसके साथ ही रिव्यू डीपीसी में 234 पदों पर विचार किया गया। इसमें प्राध्यापक (इतिहास) के 52, प्राध्यापक (हिन्दी) के 44, प्राध्यापक (राजनीति विज्ञान) के 37, रसायन के 15, अंग्रेजी के 14, भूगोल व संस्कृत के 9-9, गणित के 7, जीव विज्ञान के 6, भौतिकी के 4, समाजशास्त्र और वाणिज्य के 3-3 तथा उर्दू के 2 पदों पर पदोन्नति की अनुशंषा हुई।
इसके अलावा, उप जिला शिक्षा अधिकारी से प्रधानाचार्य के 1 पद, प्रधानाचार्य के 1 पद, प्राध्यापक के 14 पद और प्रधानाचार्य के 12 छाया पदों पर भी पदोन्नति की अनुशंषा की गई। इस अहम बैठक में निदेशक माध्यमिक शिक्षा सीताराम जाट, संयुक्त सचिव शिक्षा (ग्रुप-2) मनीष गोयल, कार्मिक विभाग प्रतिनिधि सिराज अली जैदी एवं जिला शिक्षा अधिकारी सोनिया शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

