बीकानेर में 6 नए इलाकों में अंडरग्राउंड गैस लाइन की तैयारी,20 किमी लाइन बिछी, अब 69.7 किमी विस्तार का निगम को प्रस्ताव

बीकानेर राजस्थान विविध समाचार

बीकानेर में 6 नए इलाकों में अंडरग्राउंड गैस लाइन की तैयारी,20 किमी लाइन बिछी, अब 69.7 किमी विस्तार का निगम को प्रस्ताव

दैनिक खबरां। बीकानेर शहर में घरों तक पाइप लाइन के जरिए रसोई गैस पहुंचाने की योजना अब ज़मीन पर आकार लेने लगी है। शहर के कई इलाकों में अंडरग्राउंड पाइप लाइन बिछाने का कार्य जारी है और आने वाले महीनों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रथम चरण में समता नगर, गांधी नगर और करणी नगर क्षेत्र में लगभग 20 किलोमीटर लंबी लाइन डाली जा चुकी है। इन क्षेत्रों के 139 उपभोक्ताओं ने कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है। कंपनी ने अब नगर निगम से छह नए क्षेत्रों में करीब 69.7 किलोमीटर अतिरिक्त पाइप लाइन बिछाने की अनुमति मांगी है। प्रस्तावित इलाकों में हनुमानहत्था, रथखाना, कुचिलपुरा, मेजर पूर्णसिंह नगर, मेहरों का बास और ट्रांसपोर्ट नगर शामिल हैं।


कंपनी ने 16 फरवरी को निगम प्रशासन को पत्र लिखकर विस्तार योजना की जानकारी दी और आवश्यक स्वीकृति का अनुरोध किया है। पहले चरण में कुल 200 किलोमीटर नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। रीको के करणी नगर औद्योगिक क्षेत्र में गैस सप्लाई स्टेशन का निर्माण भी पूरा हो चुका है, जिससे वितरण व्यवस्था को गति मिलेगी।
करीब डेढ़ सौ घरों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कुछ स्थानों पर कनेक्शन देने की शुरुआत भी कर दी गई है। यदि काम निर्धारित समय पर पूरा हुआ तो वर्ष के अंत तक इन इलाकों में पाइप लाइन से गैस सप्लाई शुरू हो सकती है।
पीएनजी को एलपीजी सिलेंडर की तुलना में लगभग 200 रुपये तक किफायती बताया जा रहा है। प्रत्येक घर के बाहर मीटर लगाया जाएगा, जिससे उपभोक्ता अपनी दैनिक गैस खपत देख सकेंगे। भुगतान की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध होगी, जिससे रिचार्ज और बिल जमा करने की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।