नकली नोटों से खरीददारी करते चार शातिर बदमाशो कों पुलिस ने दबोचा, एक आरोपी पेपर लीक कांड में भी था शामिल..

जयपुर

नकली नोटों से खरीददारी करते चार शातिर बदमाशो कों पुलिस ने दबोचा,एक आरोपी पेपर लीक कांड में था शामिल

जयपुर। पुलिस ने मंगलवार को कालवाड़ रोड मंगलम सिटी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर करीब तीन लाख रुपए से नकली नोट बरामद किए हैं। इनमें से एक जना राजस्थान पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण में भी पकड़ा जा चुका है। आरोपी अधेरे का फायदा उठाकर रात को बाजार में खरीदारी कर नकली नोट चलाते थे। जिससे जल्दी से पकड़ में नहीं आते थे।

पुलिस को देख भागे बदमाश….
डीसीपी वंदिता राणा ने बताया कि एसीपी प्रमोद कुमार स्वामी के पर्यवेक्षण व करधनी थानाधिकारी हीरालाल सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने खुशी रेजिडेंसी के पास खाली जगह खड़ी कार को रुकवाने का प्रयास किया तो पुलिस को देखकर कार सवार युवकों ने भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने कार को रुकवाकर जांच की तो उसमें बैग में 500-500 व 200-200 रुपए के 2 लाख 52 हजार रुपए के नकली नोट मिले। पुलिस ने दबोचे गए राकेश कुमार से पूछताछ की उसने जारी नोट सतवीर सिंह के पास होने की जानकारी दी। इस पर पुलिस की टीम ने धाबास पुलिया के पास एकता नगर से सतवीर सिंह को पकड़ा तो उसके पास भारतीय मुद्रा के 500-500 रुपए के जाली नोट बरामद किए। सतवीर सिंह ने नकली नोट अजय सिंह से लाना बताया। इस पर पुलिस ने अजय सिंह को गिरफ्तार कर नकली नोट बरामद किए।

नकली नोट बरामद व कार बरामद….
पुलिस ने बताया कि नकली नोट के साथ पुलिस की टीम ने गिरोह के राकेश कुमार जाट (26) निवासी रामपुरा तहसील धोद जिला सीकर, धन्नाराम जाट (27) निवासी भगवानपुरा तहसील नावां हाल खुशी रेजिडेंसी, सतवीर सिंह खेदड़ (30) निवासी बड़की ढाणी गुढ़ागौड़जी हाल किराएदार एकता नगर व अजय सिंह राजपूत (26) निवासी कांकड़ा जिला झुंझुनूं हाल गणेश नगर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में जुटी है कि नकली नोट कहां से बनवाए हैं। पूछताछ में पता चला कि सभी आरोपित बाजार में रात को नकली नोट चलाने के लिए निकले थे। एसीपी प्रमोद कुमार स्वामी ने बताया कि पुलिस ने गिरोह से कुल 2 लाख 93 हजार के नकली नोट बरामद व कार बरामद की है।