दैनिक खबरां। नोखा उपखंड में राज्य स्तरीय आह्वान पर पटवारियों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी है। गिरदावरी एप में संशोधन और ग्रेड पे में बदलाव सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 13 दिनों से पटवारी हड़ताल पर हैं। इस कारण ग्रामीणों के महत्वपूर्ण दस्तावेज संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
सोमवार को नोखा तहसील मुख्यालय पर क्रॉप कटिंग प्रयोग से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। हालांकि, चल रही हड़ताल के कारण पटवारियों ने इस बैठक में भाग नहीं लिया। धरने पर नेमीचंद सियाग, भगवत लोहार, गोपाल देवासी, अनोपाराम, बजरंग लाल, मनीराम, रामदयाल, अश्विनी और रामकोशलिया उपस्थित रहे।
क्रॉप कटिंग प्रयोग का विशेष महत्व है क्योंकि इसी के आधार पर जिले में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। यह प्रक्रिया फसल उत्पादन की सटीक जानकारी प्राप्त करने में मदद करती है। इन आंकड़ों के आधार पर ओलावृष्टि, बारिश, अत्याधिक वर्षा और अन्य प्राकृतिक नुकसान के साथ-साथ फसल बीमा की राशि का निर्धारण किया जाता है।

